उदयपुर। फलासिया क्षेत्र के बीडीओ अशोक डिंडोर के विवादास्पद रवैये की एक और शिकायत पुलिस को मिली है। जिसमें बताया कि बीडीओ अशोक डिंडोर ने बीती रात एक बजे अपनी पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी देवेन्द्र शर्मा के घर पहुंचकर हंगामा मचाया। इसकी शिकायत अंबामाता थाना पुलिस को मिली है।
ग्राम विकास अधिकारी देवेन्द्र शर्मा का कहना है कि फलासिया पंचायत समिति के बीडीओ अशोक डिंडोर उनके गजसिंह की बाड़ी स्थित घर पर आधी रात बाद आए। उन्हें धमकाते हुए गाली गलौज करते हुए झगड़ने लगे। शराब के नशे में धुत बीडीओ ने उनके मकान तथा बिजली के पोल को टक्कर भी मारी। जिससे सरकारी गाड़ी को नुकसान भी पहुंचा। शिकायत पर अंबामाता थाना पुलिस रात करीब पौने तीन बजे मौके पर पहुंची। बीडीओ अशोक डिंडोर को अपने साथ ले गई। ग्राम विकास अधिकारी ने घटनाक्रम की शिकायत जिला परिषद के सीईओ कीर्ति राठौड़ को देते हुए बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
दो साल में 5 बार तबादला, स्टे लाया तो धमका रहा
ग्राम विकास अधिकारी शर्मा ने कहा कि बीडीओ अशोक डिंडोर उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। बीते दो साल में उसका पांच बार ट्रांसफर कर दिया गया। थोड़े दिन पहले ही उसे ग्राम पंचायत अम्बावी से हटाकर अम्बासा लगाया था। उसके बाद अम्बासा से 11 किलोमीटर आगे फलासिया पंचायत समिति में लगा दिया। जिस पर वह हाईकोर्ट से स्टे ले आया था। इससे बीडीओ भड़क उठा और उसे स्टे वापस लेने के लिए धमकाने लगा।
बीडीओ ने रात एक बजे ग्राम विकास अधिकारी को धमकाया
