विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, नेटवर्किंग और व्यवसायिक सहयोग पर हुई चर्चा
उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के इवेंट चैप्टर बीसीआई उत्सव की ओर से होटल बावा, हरिदास जी की मगरी, उदयपुर में आयोजित “रॉयल वेडिंग्स एवं कॉर्पोरेट इवेंट्स टॉक शो” सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के व्यवसायियों, उद्यमियों, इवेंट प्लानर्स, वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स, कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों तथा बीसीआई सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन बीसीआई उत्सव की सचिव हीना पथिक ने किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विशेष पैनल डिस्कशन में बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी, बीसीआई उत्सव के प्रेसिडेंट संजीव पटवा, बीसीआई अल्फा प्रेसिडेंट देवेंद्र सिंह करीर, होटल बावा के जीएम निलेश कोड़े, विप्लव कुमार जैन, गणपत सालवी एवं दिलीप बालचंदानी ने रॉयल वेडिंग्स, कॉर्पोरेट इवेंट्स, व्यवसायिक विकास, नेटवर्किंग एवं इंडस्ट्री में उभरते अवसरों सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार, अनुभव एवं सुझाव साझा किए।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने अपने संबोधन में कहा कि बीसीआई का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायियों एवं प्रोफेशनल्स को एक ऐसा सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे आपसी नेटवर्किंग के साथ नए अवसरों, सहयोग और व्यवसायिक विस्तार की संभावनाओं को तलाश सकें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मजबूत नेटवर्किंग किसी भी व्यवसाय की सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बन चुकी है।
बीसीआई उत्सव के प्रेसिडेंट संजीव पटवा ने कहा कि इस टॉक शो का उद्देश्य रॉयल वेडिंग्स एवं कॉर्पोरेट इवेंट्स क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और व्यवसायियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे उद्योग में नए ट्रेंड्स, अवसरों और चुनौतियों को समझते हुए आपसी सहयोग को बढ़ावा दे सकें।
बीसीआई अल्फा प्रेसिडेंट देवेंद्र सिंह करीर ने अपने वक्तव्य में कंपनियों को इंश्योरेंस कराने के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यवसायिक सुरक्षा, जोखिम प्रबंधन और भविष्य की अनिश्चितताओं से बचाव के लिए इंश्योरेंस एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे कंपनियों को आर्थिक सुरक्षा और स्थायित्व प्राप्त होता है।
दिलीप बालचंदानी ने पर्यटन स्थलों पर फोटोग्राफी इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जिन पर्यटन स्थलों पर फोटोग्राफी गतिविधियां बंद हैं, वहां पुनः फोटोग्राफी शुरू की जानी चाहिए, जिससे पर्यटन और स्थानीय व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।
होटल बावा के जीएम निलेश कोड़े ने होटल एवं पर्यटन उद्योग के समन्वय पर अपने विचार रखते हुए बताया कि होटल इंडस्ट्री और टूरिज्म सेक्टर एक-दूसरे के पूरक हैं तथा इनके बेहतर समन्वय से उदयपुर जैसे पर्यटन शहरों में नए अवसरों का विकास किया जा सकता है।
गणपत सालवी ने इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा किए। वहीं विप्लव कुमार जैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी इवेंट्स, व्यवसायिक संभावनाओं, नेटवर्किंग और इंडस्ट्री के बदलते स्वरूप को लेकर अपने अनुभव एवं सुझाव प्रतिभागियों के साथ साझा किए।
इस अवसर पर होटल हिलटॉप पैलेस के जीएम प्रमोद वर्मा का बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी तथा बीसीआई उत्सव के प्रेसिडेंट संजीव पटवा द्वारा उपर्णा पहनाकर सम्मान एवं स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया, जहां सभी उपस्थित सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए अपने व्यवसाय, अनुभव और कार्यक्षेत्र की जानकारी साझा की। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के बीच नेटवर्किंग, विचार-विमर्श और व्यवसायिक सहयोग को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
