निःशुल्क सैनिटरी पैड की सुविधा उपलब्ध कराने की भी रखी बात
उदयपुर। बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) की पर्यटन इकाई बीसीआई टूरिज्म ने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की है। बीसीआई टूरिज्म की ओर से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी को पत्र लिखकर उदयपुर में महिलाओं के लिए विशेष “पिंक टॉयलेट” स्थापित करने की मांग की गई है।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि बीसीआई टूरिज्म की हाल ही में अध्यक्ष श्रद्धा गट्टानी के वर्क प्लेस ओरिएंटल पैलेस रिसॉर्ट्स में आयोजित वर्क प्लेस मीटिंग प्रस्ताव पारित किया गया कि उदयपुर के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर महिलाओं के लिए अलग से स्वच्छ और सुरक्षित पिंक टॉयलेट बनाए जाएं। इन टॉयलेट्स में महिलाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क सैनिटरी पैड की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाए।
बीसीआई टूरिज्म की अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने कहा कि उदयपुर एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, जिनमें महिला पर्यटकों की संख्या भी काफी होती है। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर महिला-अनुकूल सुविधाओं का विकास करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल महिला पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि उदयपुर की छवि एक महिला-हितैषी पर्यटन शहर के रूप में भी और मजबूत होगी।
जनरल सेक्रेटरी गौरव भंडारी ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना पर्यटन विकास के लिए बेहद जरूरी है। पिंक टॉयलेट में स्वच्छता के साथ-साथ निःशुल्क सैनिटरी पैड की व्यवस्था महिलाओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।
सेक्रेटरी सुरभि मेनारिया धींग ने कहा कि महिलाओं की स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुविधाएं विकसित करना जरूरी है। पिंक टॉयलेट की व्यवस्था से महिला पर्यटकों और स्थानीय महिलाओं दोनों को लाभ मिलेगा।
कोषाध्यक्ष स्वाति स्वरूपरिया ने कहा कि इस तरह की पहल महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। यदि पर्यटन स्थलों पर पिंक टॉयलेट स्थापित होते हैं और वहां सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाते हैं, तो इससे समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
