अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह की मौजूदगी से सजी गरबा की शाम, अशोका ग्रीन में डांडिया की धुन पर झूमे शहरवासी
उदयपुर। अशोका ग्रीन, शोभागपुरा में आयोजित ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ में नवरात्रि का उल्लास चरम पर है। रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागी, गरबा-डांडिया की गूंजती धुनें और उत्साह से भरे माहौल के बीच महोत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन के दौरान बिजनेस सर्किल इंटरनेशनल (बीसीआई) की ओर से प्रसिद्ध अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बीसीआई ने किया अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह का सम्मान-कार्यक्रम में बीसीआई के फाउंडर एंड चेयरमैन मुकेश माधवानी ने अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह का स्वागत एवं सम्मान किया। अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह टेलीविजन धारावाहिक ‘महाभारत’ में धृतराष्ट्र की भूमिका से विशेष पहचान बना चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने फिल्मों और टेलीविजन के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ में उनकी मौजूदगी ने प्रतिभागियों और प्रशंसकों के बीच खास उत्साह पैदा किया। बीसीआई की ओर से उनका सम्मान करते हुए कला और मनोरंजन के क्षेत्र में उनके योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
अशोका ग्रीन में 20 अक्टूबर तक चलेगा गरबा-डांडिया महोत्सव
आयोजन टीम से सचिन वैष्णव व विपिन पालीवाल ने बताया कि अशोका ग्रीन में 20 अक्टूबर तक चलने वाला ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ प्रतिदिन शाम 7 बजे से आयोजित किया जा रहा है। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति, संगीत और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी और उत्सवी सजावट से सजाया गया है। पारंपरिक परिधानों में पहुंचे महिला-पुरुष, युवा और परिवार गरबा एवं डांडिया की लय पर थिरकते नजर आ रहे हैं।
दिलीप पालीवाल और पीयूष सुथार ने बताया कि ढोल की थाप और गुजराती लोकधुनों के साथ प्रतिभागी गोल घेरे में पारंपरिक गरबा करते हैं, वहीं रंगीन डांडिया स्टिक के साथ जोशपूर्ण नृत्य पूरे वातावरण को जीवंत बना देता है। नवरात्रि के पारंपरिक रंगों में सजे प्रतिभागियों का उत्साह और संगीत की लय पर थिरकते कदम आयोजन को खास बना रहे हैं। परिवार और मित्रों के साथ पहुंच रहे शहरवासियों के लिए यह महोत्सव मनोरंजन के साथ सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।
बीसीआई ने अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह का किया सम्मान, अशोका ग्रीन में ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ की धूम
