बजरंग दल व वीएचपी कार्यकर्ताओं ने फूंका कांग्रेस का पुतला

उदयपुर। बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ताओं ने बजरंग दल महानगर संयोजक ललित लोहार के नेतृत्व में शनिवार को देहली गेट चौराहा पर कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर पुतला जलाया।
विहिप के महानगर मंत्री अशोक प्रजापत ने बताया कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा हिन्दू संगठनों का विरोध कर उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। कांग्रेस के नेता बजरंग दल की तुलना ऐसे संगठन से कर रहे हैं, जिन्हें सरकार द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। महानगर संयोजक ललित लोहार ने कहा कि कांग्रेस घटिया राजनीति कर रही है। बजरंग दल विशुद्ध रुप से एक राष्ट्रवादी हिन्दू संगठन है और समाज के हित की लड़ाई के लिए हमेशा आगे रहा है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं का बजरंग दल के खिलाफ कार्रवाई करने वाला बयान उनकी धर्म विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष सुखलाल लोहार, अविनाश कुमावत, गीता मनावत, भूपेंद्र गांधी, अरुण पाठक, मनीष पटेल, आकाश सोनी, हेमंत शर्मा, किशोर आमेटा, दलपत सिंह राव, लक्ष्मण सिंह, गणपत सिंह, विमल आमेटा, नंदलाल जैन, विशाल शुक्ला, पंकज बंधु, विजेंद्र सिंह सोलंकी, विश्वास, कनक शशिकांत, रमेश नागदा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवड़ा नोबल्स सोसायटी की आमसभा आज
उदयपुर। देवड़ा नोबल्स सोसायटी की आमसभा रविवार को सुबह 10 बजे बेड़वास आशापुरा माताजी मंदिर की तलहटी में समाज के गार्डन में होगी।
केन्द्रीय अध्यक्ष फतहसिंह देवड़ा ने बताया कि आमसभा में केन्द्रीय कार्यकारिणी, शाखा कार्यकारिणी के अलावा देवड़ा भाई व समाज के सभी लोग अब तक के कामकाज की प्रस्तावना पर चर्चा कर समीक्षा करेंगे। साथ ही देवड़ा नोबल्स सोसाइटी आशापुरा नगर मेवाड़ के केंद्रीय अध्यक्ष के चुनाव के संदर्भ में भी सर्वसम्मति से एक राय बनाने पर चर्चा करेंगे।

हजयात्रियों का हज तबियत कैंप व टीकाकरण 10 को
उदयपुर। इस वर्ष 2023 में मुकद्दस सफर-ए-हज पर उदयपुर व राजसमंद जिले से जाने वाले 302 हजयात्रियों के लिए यहां अलीपुरा मस्जिद के चिश्तिया हॉल में आगामी 10 मई को सुबह 10 बजे से हज तबियत कैंप एवं टीकाकरण (वैक्सीनेशन) कार्यक्रम आयोजित होगा।
उदयपुर जिला हज कमेटी के सदस्य फिरोज अहमद शेख ने बताया कि इस आयोजन की तैयारी को लेकर शनिवार को जिलाधीश कार्यालय परिसर में संयोजक हाजी मोहम्मद अयूब डायर की अध्यक्षता में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि कैंप में हज यात्रा के दौरान किए जाने वाले अरकान के बारे में बताया जाएगा। इसमें राजस्थान हज कमेटी के सदस्य मोहम्मद शाहिद भी मौजूद रहेंगे। बैठक में जिला हज कमेटी के हाजी इसरार मोहम्मद शेख, फिरोज अहमद शेख, मोहम्मद नासिर खान, हाजी मुश्ताक अली, हाजी बाबू खान, हाजी मोहम्मद हनीफ, मोहम्मद रईस खान, हाजी मोहम्मद सलीम, हाजी अशफाक हुसैन, मोहम्मद याहया, हाजी सुल्तान बख्श, हाजी फरीद अहमद, हाजी सरफराज मौजूद रहे।

नेता प्रतिपक्ष राठौड़ आज आएंगे
उदयपुर। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ रविवार सुबह 8 बजे डबोक एयरपोर्ट पर उतरेंगे। भाजपा नेता नरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि राठौड़ नाथद्वारा होते हुए सिरोही जाएंगे जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित सभा की तैयारी का जायजा लेंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!