उदयपुर, 22 मार्च। विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में अणुव्रत समिति के निर्देशन में महाराणा भोपाल चिकित्सालय में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में जल के महत्व, बढ़ते जल संकट तथा जल संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने बताया कि विश्व जल दिवस प्रत्येक वर्ष 22 मार्च को मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा जल संरक्षण एवं प्रबंधन के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर वैश्विक समस्या बनता जा रहा है, जिसके समाधान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
इस अवसर पर अणुव्रत समिति के सदस्यों एवं उपस्थित जनों द्वारा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दोहराया गया। अणुव्रत की आचार संहिता के ग्यारहवें नियम का उल्लेख करते हुए सभी ने यह प्रतिज्ञा ली कि वे पर्यावरण की समस्याओं के प्रति सदैव जागरूक रहेंगे, हरे-भरे वृक्षों को नहीं काटेंगे तथा पानी एवं बिजली का अपव्यय नहीं करेंगे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अणुव्रत हमें संयम, ईमानदारी और अहिंसा जैसे मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अणुव्रत के सिद्धांतों में पर्यावरण के अनुकूल (ईको-फ्रेंडली) जीवनशैली का स्पष्ट दर्शन होता है, जो वर्तमान समय की पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावीधान प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से जल एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करे, तो बड़े स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन संभव है। अतः सभी को स्वयं संकल्पित होने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
इस अवसर पर अणुव्रत समिति की अध्यक्ष प्रणीता तलेसरा एवं मंत्री लक्ष्मी कोठारी सहित चिकित्सालय के चिकित्सकगण, नर्सिंग स्टाफ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से डॉ. रितु, डॉ. मनोज, संतोष चैहान (नर्सिंग अधिकारी), मीनाक्षी परमार (नर्सिंग अधिकारी), के. एस. नलवाया, कमल कोठारी, इन्द्रजीत मेहता एवं अशोक मेहता सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्द्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
विश्व जल दिवस पर अणुव्रत समिति द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
