डीपीएस, उदयपुर के आर्यन ने बनाई बैडमिंटन में अंतरराष्ट्रीय पहचान

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर के कक्षा 12 के 17 वर्षीय होनहार व प्रतिभावान पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी आर्यन शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम फहराकर विद्यालय एवं राजस्थान का नाम विश्व मंच पर रोशन किया है।
हाल ही में आर्यन ने तुर्की के मर्सिन में आयोजित वर्ल्ड एबिलिटी स्पोर्ट यूथ गेम्स – 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल में स्वर्ण पदक, पुरुष युगल में स्वर्ण पदक और मिश्रित युगल में रजत पदक जीतकर देश को गौरव प्रदान किया है।
प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्यन का बैडमिंटन के प्रति लगाव बाल्यकाल से ही है और उसने इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्राजील में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सर्किट ब्राजील पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल – 2026 में स्वर्ण पदक तथा राष्ट्रीय स्तर पर हैदराबाद में आयोजित सातवीं पैरा सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चौंपियनशिप में स्वर्ण पदक तथा जूनियर एंड यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चौंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक, एक रजत पदक तथा एक कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
प्राचार्य संजय नरवरिया ने बताया कि देश का गौरव बढ़ाने वाले आर्यन का चयन चीन और जापान में सितंबर माह में होने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए हुआ है। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के दम पर अब आर्यन ओलंपिक में अपनी प्रतिभा का परचम फहराने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अब आर्यन का लक्ष्य भारत के लिए खेलना, भारत के लिए जीतना और लॉस एंजेलिस पैरालंपिक – 2028 में पदक जीत कर देश का मान ऊँचा करना है।
आर्यन की इस उपलब्धि पर प्रो वाइस चेयरमैन गोविंद अग्रवाल, प्राचार्य संजय नरवरिया तथा उपप्राचार्य राजेश धाभाई ने खिलाड़ी को और उसके अभिभावकों को हार्दिक बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ दी हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!