उदयपुर, 18 अप्रेल। संभागीय आयुक्त व जनजाति क्षेत्रीय विकास आयुक्त राजेन्द्र भट्ट के प्रयासों से जनजाति प्रतिभाओं को उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण के साथ अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए विभागीय खेल अकादमियों में एनआईएस खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
खेल अधिकारी शकील हुसैन ने बताया कि विभाग द्वारा बालक जनजाति खेल अकादमी सरदारपुरा में कुश्ती प्रशिक्षक करणपुरी गोस्वामी व बालिका खेल अकादमी प्रतापगढ़ में जूडो प्रशिक्षक गौरी चौधरी को नियुक्ति प्रदान कर विशेष प्रशिक्षण के साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए है।
नगर निगम के स्वयं सहायता समूहों की बैठक में बताएं मोटे अनाज के लाभ
उदयपुर, 18 अप्रेल। भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष पंचम पोषण पखवाड़ा का आयोजन देशभर में किया जा रहा है। नगर निगम उदयपुर में भी इस पखवाड़े के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए आमजन को मोटे अनाज के लाभ बताते हुए इन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिला परियोजना अधिकारी डॉ. शैल सिंह सोलंकी ने बताया कि पोषण अभियान के तहत मोटे अनाज (बाजरा) को लोकप्रिय बनाने एवं बाजरे के पोषण लाभों के संबंध में आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम के स्वयं सहायता समूहों की बैठक रखी गई। बैठक में मोटे अनाज के फायदे के साथ बाजरे से बनने वाले पकवानों के बारे में बताया। बैठक का संचालन जिला प्रबंधक लता जोशी ने किया, इस अवसर पर में सीओ मुकेश कुमार कीर, शहनाज खान भरत मेघवाल एव शाक्तिलाल मीना उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्त आरएएस कोठारी का फोटो राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए चयनित
उदयपुर, 18 अप्रेल। सेवानिवृत आरएएस व ख्यात फोटोग्राफर दिनेश कोठारी का फोटो ललित कला अकादमी, नई दिल्ली की 63वीं राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए चयनित हुआ है,। कोठारी ने बताया कि यह फोटो मावली की आदिवासी बस्ती में लिया गया है, जहां आदिवासी महिला बड़ी प्रसन्नता से अपनी नई सिलाई मशीन पर कपड़े सिल रही है, और उसकी सास और बच्चा भी पास में प्रसन्न मुद्रा में है।
