उदयपुर, 6 जून। राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, उदयपुर एवं वल्लभनगर सहित प्रदेशभर के पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य सी. एस. टाक ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से स्वयं अथवा ई-मित्र केन्द्रों के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश पंजीयन शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 9 जून 2026 तथा ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी प्रथम वर्ष प्रवेश हेतु www.daprajasthan.co.in तथा पार्श्व प्रवेश (द्वितीय वर्ष) हेतु www.ldaprajasthan.co.in पर उपलब्ध प्रवेश विवरणिका का अवलोकन कर सकते हैं।
प्राचार्य श्री टाक ने बताया कि पॉलिटेक्निक शिक्षा विद्यार्थियों को कम समय में रोजगारोन्मुखी एवं व्यावहारिक तकनीकी ज्ञान प्रदान करती है। 10वीं अथवा 12वीं के पश्चात पॉलिटेक्निक में प्रवेश लेकर विद्यार्थी अपने तकनीकी करियर की सुदृढ़ शुरुआत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, उदयपुर एवं वल्लभनगर, राजकीय संस्थान होने के कारण विद्यार्थियों को न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुभवी एवं दक्ष संकाय का मार्गदर्शन, विभिन्न सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ तथा तकनीकी क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य निर्माण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं।
राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में डिप्लोमा प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
