उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान, अभिभावकों ने विद्यालय परिवार के शिक्षण नवाचारों को सराहा
बांसवाड़ा, 31 जनवरी/राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, हेरपाड़ा(कुवानिया) का वार्षिकोत्सव एवं भामाशाह सम्मान समारोह विभिन्न कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया गया। समाजसेवी भामाशाह हरीश कलाल के मुख्य आतिथ्य एवं पीओ स्कूल प्रतिनिधि मनोहर कलासुआ के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित समारोह की अध्यक्षता संस्था प्रधान श्रीमती ऊषा पण्ड्या ने की।
मुख्य अतिथि हरीश कलाल ने उत्कृष्ट शिक्षण गतिविधियों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए विद्यालय के लिए अपनी ओर से भारतमाता की तस्वीर एवं 11 हजार रुपए की धनराशि संस्था प्रधान श्रीमती ऊषा पण्ड्या को भेंट की।
इस अवसर पर विद्यालय विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर एमएमसी अध्यक्ष कालूराम चरपोटा तथा सदस्यगण बापूलाल गोदा, देवीलाल गोदा, एजूकेशन गर्ल्स एनजीओ से प्रकाश निनामा, समाजसेवी रामचन्द्र डिण्डोर तथा भामाशाह किशन डामोर का सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि ने बेहतर शिक्षण एवं भौतिक विकास सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट भागीदारी के लिए योगेन्द्र वाघेला, श्रीमती राजेश्वरी मीणा, तपन व्यास, विजय गर्ग, श्रीमती ममता चरपोटा, श्रीमती मोनिका प्रजापत, श्रीमती आशा मिश्रा, विकास मईड़ा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, शिक्षण एवं खेलकूद में श्रेष्ठ परिणाम के लिए बी.एड. प्रशिक्षु सुश्री कलावती निनामा को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि हरीश कलाल ने श्रेष्ठ परिणाम लाने वाले विद्यार्थियों को अपनी ओर से पुरस्कृत करने की घोषणा की। उन्होंने संस्था प्रधान को भारत माता की तस्वीर भेंट की।
