प्रतीक जैन
एसडीएम को दिया ज्ञापन
खेरवाड़ा, उपखंड मुख्यालय खेरवाड़ा में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 26 हिन्दू पर्यटकों की धर्म पूछ कर निर्मम हत्या को लेकर शुक्रवार को आक्रोश नजर आया। हत्याकांड को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। कस्बे में विभिन्न हिंदू संगठनों ने बस स्टैंड पर एकत्रित होकर आतंकी हमले में मृत हिंदू पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बस स्टैंड से एकत्रित होकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली गई। आक्रोश रैली बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, सदर बाजार, आजाद चौक, तहसील रोड होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। हाथों में तख्तियां एवं बैनर लिए पाकिस्तान के खिलाफ एवं आतंकवाद के खिलाफ गगनचुंबी नारे लगाते हुए सर्वधर्म के सैकड़ो लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। आतंकवादियों को मौत की सजा देने की आवाज उठाई। साथ ही कस्बा वासियों ने आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने की पुरजोर मांग की।
पुराना बस स्टैंड के सामने पाकिस्तान और आतंकवाद के नाम पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के समय बजरंग दल के संभाग संयोजक भीम राज अहारी सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की। रैली में सुरक्षा के लिए सहायक उप निरीक्षक दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल तैनात रहा। एसडीएम कार्यालय पहुंचकर आतंकी घटना का विरोध जताते हुए केंद्र सरकार से सख्त से सख्त कदम उठाने की मांग कर उपखंड अधिकारी सत्यनारायण विश्नोई को ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। रैली में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल राष्ट्रीय स्वयं सेवक, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस पार्टी, संयुक्त व्यापार मंडल, महावीर इंटरनेशनल, भारत विकास परिषद, गणपति नवयुवक मंडल, साईं सेवा समिति, जय अंबे सेवा समिति, आकार सेवा संस्थान,खेरवाड़ा विकास मंच, विप्र संगठन सहित विभिन्न संगठनों एवं समाज के पदाधिकारी एवं सैकड़ो की संख्या में कस्बा वासी उपस्थित रहे।
