उदयपुर, 28 अगस्त : शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की 13 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के मामले में आरोपी जिम ट्रेनर की तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी आक्रोश है। इस घटना के विरोध में शनिवार को यूथ कांग्रेस और कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
भारी संख्या में प्रदर्शनकारी स्कूल गेट पर एकत्रित हो गए और स्कूल प्रशासन के साथ-साथ पुलिस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस और स्कूल प्रशासन की मिलीभगत के कारण आरोपी अभी तक फरार है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि जहां शिक्षा दी जाती है, उस मंदिर में ऐसी घिनौनी हरकत हुई है। हम सभी पेरेंट्स से आग्रह करते हैं कि वे ऐसे स्कूल का बहिष्कार करें, जहां बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं।
इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं, जिन्होंने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों के आक्रोश को देखते हुए स्कूल के गेट बंद कर दिए गए थे। इसके बाद, आक्रोशित लोग वहीं धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए डिप्टी कैलाश चंद्र, अंबामाता थानाधिकारी मुकेश सोनी और बड़गांव थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।
आपको बता दें कि पीड़ित परिवार ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया था कि बारिश के कारण स्कूल में छुट्टी होने के बावजूद, छात्रा को इस बात की जानकारी नहीं थी और वह स्कूल पहुंच गई। आरोप है कि उस समय स्कूल में केवल जिम ट्रेनर मौजूद था, जो छात्रा को जिम के अंदर ले गया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद, छात्रा काफी डर गई थी। घर पहुंचने पर उसने परिवार को सारी बात बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
