संसद परिसर में  सनातन अपमान के विरोध में अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति एवं बजरंग सेना मेवाड़ ने सौंपा ज्ञापन

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

उदयपुर, 3 अगस्त। संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र धारण कर सनातन पर टिप्पणी करने तथा भगवान श्रीराम से जुड़े प्रतीकों के अपमान के विरोध में आज अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति एवं बजरंग सेना मेवाड़ ने जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय नववर्ष समारोह समिति के राष्ट्रीय सचिव डॉ. प्रदीप कुमावत तथा बजरंग सेना मेवाड़ के कमलेंद्र सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से दिए गए ज्ञापन में कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा संसद परिसर में सनातन धर्म, भगवा वस्त्र अथवा भगवान श्रीराम से जुड़े प्रतीकों का अपमानजनक प्रदर्शन किया गया है, तो यह करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर उचित संवैधानिक एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले की जांच कर दोष सिद्ध होने पर सांसद पप्पू यादव की संसद सदस्यता समाप्त करने तथा सांसद के रूप में मिलने वाली सुविधाओं और विशेषाधिकारों पर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला को भी ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन में अनुरोध किया गया है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर संसद की गरिमा तथा देशवासियों की धार्मिक भावनाओं की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
डॉ. प्रदीप कुमावत ने कहा कि लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान है, लेकिन किसी भी धर्म, आस्था, धार्मिक प्रतीकों या करोड़ों लोगों की भावनाओं का उपहास स्वीकार नहीं किया जा सकता। वहीं कमलेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाएं होती हैं तो विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के साथ व्यापक जन जागरण अभियान चलाया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समिति एवं बजरंग सेना मेवाड़ के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!