खेलगांव में होगा शुभारंभ समारोह, तैयारियां पूर्ण, देश भर से पहुंचे खिलाड़ी
उदयपुर, 22 सितंबर। जिला प्रशासन के तत्वावधान में अखिल भारतीय सिविल सेवा लोन टेनिस प्रतियोगिता शनिवार से उदयपुर में प्रारंभ होगी। आयोजन को लेकर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह खेलगांव में शुक्रवार सुबह 10 बजे संभागीय आयुक्त राजेंद्र भट्ट, पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लांबा, जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल व पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव के आतिथ्य में होगा। प्रतियोगिता में देश भर से सिविल सेवा के अधिकारी बतौर खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुक्रवार शाम तक करीब-करीब सभी स्टेट से टीमें उदयपुर पहुंच चुकी हैं।
उदयपुर में आयोजित हो रहे इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट को लेकर जिला कलक्टर अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में टीम उदयपुर ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। शुक्रवार को सचिवालय, जयपुर की खेल अधिकारी सुश्री मालती चौहान भी उदयपुर पहुंची। उन्होंने खेलगांव सहित सभी आयोजन स्थलों पर तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उद्घाटन समारोह, मैचेज, ग्राउण्ड, आवागमन, खिलाड़ियां के लिए आवास व भोजन व्यवस्था आदि की जानकारी ली। देर शाम खेलगांव परिसर में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त ओपी बुनकर ने टीम मैनेजर्स की बैठक ली। इससे पूर्व आयोजन से जुड़ी टीमों, रैफरीज आदि की भी बैठकें हुई।
अखिल भारतीय सिविल सेवा लोन टेनिस प्रतियोगिता आज से
