ऐश्वर्या कॉलेज में ऐश्वर्या अवार्ड फिट किड योगी 2025 समारोह का आयोजन

उदयपुर। ऐश्वर्या कॉलेज में ऐश्वर्या अवॉर्ड-फिट किड योगी 2025 कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों से आए 100 से अधिक विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट योग प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को योग और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह का शुभारंभ अतिथि, प्रोफेसर पेसिफिक कॉलेज डॉ. वत्सला सिंह और साइकोलॉजिस्ट अक्षरा दामले ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम प्रभारी शमील शेख ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों को उनके योग कौशल के लिए प्रमाण पत्र और उपहार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने विभिन्न योग आसनों का शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्राचार्य डॉ. रेखा शर्मा ने योग साधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है। उन्होंने आगे कहा कि यह जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक है। डॉ. रक्षा शर्मा द्वारा अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट करके किया गया।  इस अवसर पर अतिथि डॉ. सिंह ने कहा कि आयुर्वेद और योग एक-दूसरे के पूरक हैं। जहाँ आयुर्वेद शरीर को स्वस्थ रखता है, वहीं योग मन को शांति देता है और रोगों से लड़ने की शक्ति प्रदान करता है।इस अवसर पर अतिथि दामले ने कहा कि  योग के आसन, प्राणायाम और ध्यान से मस्तिष्क में सकारात्मक बदलाव आते हैं, जिससे एकाग्रता और स्मृति में सुधार होता है। समारोह का संचालन कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा किया गया । कार्यक्रम के अंत में डॉ. हीना श्रीमाली ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। यह आयोजन बच्चों में योग के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम रहा।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!