-देवस्थान भूमि पर पेड़ लगाकर किए जाएंगे वन विकसित
उदयपुर। राजस्थान सरकार में उद्योग, वाणिज्य एवं देवस्थान विभाग की मंत्री शकुन्तला रावत ने कहा कि देवस्थान विभाग की राजस्थान और बाहर अन्य राज्यों में स्थित सम्पत्ति एवं भूमि पर हो रहे कब्जों का सर्वे कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। भूमि पर नंदन वन की तर्ज पर पेड़ लगाकर आमजन को शुद्ध वातावरण प्रदान किया जाएगा।
उदयपुर प्रवास पर रविवार को आई देवस्थान मंत्री शकुन्तला रावत ने यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों को बताया कि देवस्थान पर संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कानून तो नहीं बनाया लेकिन मंदिरों में दशकों से सेवाएं दे रहे लोगों के लिए विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देवस्थान भूमि पर पीपल, बरगद, आवला, बिल्व पत्र, कल्पवृक्ष के पेड़ लगाए जाएंगे ताकि वातावरा शुद्ध होगा। वहीं भूमि को कब्जों से बचाने के लिए चारदीवारी निर्माण और तारफैंसिंग करवाई जाएगी। राजसमंद जिले में मंदिर भूमि पर अवैध कब्जे कर वर्षों से किए जा रहे खनन के बारे में मंत्री ने कहा कि इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में देवों-मंदिरों के प्रति आस्था, धर्म संस्कृति को मोबाइल संस्कृति के बीच बचाए रखने के लिए विभाग ने योजनाएं बनाई है। गांव-ढाणी, शहरों में स्थित प्राचीन मंदिरों के बाहर उनके बारे में युवा पीढ़ी को बताने के लिए उनका इतिहास लिखवा रहे हैं ताकि उनके धार्मिक सोच बनी रहे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने धार्मिक कॉरिडोर, जीर्णोद्धार के लिए बजट में प्रावधान किए हैं। उदयपुर शहर विश्व पटल पर छा रहा है। विदेशी यहां आकर शादी कर रहे हैं। पर्यटन विकास की दृष्टि से उदयपुर में सबसे ज्यादा काम हुए हैं। वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा में बचे हुए लोगों को भी यात्रा करवाने का सोच रहे हैं। उदयपुर में जगदीश मंदिर पुरातत्व विभाग के अधीन होने से इसका जीर्णोद्धार वही करेगा जो अप्रेल माह के अंत तक शुरू हो जाएगा।
जल्द शुरू होंगे नवघोषित औद्योगिक क्षेत्र
उद्योग मंत्री ने बताया कि प्रदेश में नए घोषित औद्योगिक क्षेत्रों को जल्द से जल्द शुरू किए जाएंगे ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके। वे स्वयं प्रत्येक गुरुवार को अधिकारियो के साथ बैठक कर औद्योगिक संबंधी समस्याओं का निपटारा कर रही हैं।
बच्चों को करें पूजा में शामिल
देवस्थान मंत्री शकुन्तला रावत ने अपील की है कि हर घर में अपने इश्ट-देव को मानते हैं। इनकी पूजा में अपने बच्चों को अवश्य शामिल करें। उन्हें बड़ों के समक्ष सिर झुकाना सिखाएं। इससे बच्चों का अपने दादा-दादी, नाना-नानी से जुड़ाव बना रहेगा। बच्चों को मोबाइल से दूर करें ताकि वे आपराधिक मार्ग की तरफ न बढ़े।
धर्म की राजनीति करना कांग्रेस के संस्कारों में नहीं
देवस्थान मंत्री शकुन्तला रावत ने कहा कि कांग्रेस की संस्कारों में धर्म की राजनीति करना नहीं है। कांग्रेस बरसों से धर्म को मानते हुए प्राचीन काल से चली आ रही धर्म परंपरा को निभाग रही है। देवस्थान के मंदिरों में सेवा दे रहे पुजारियों का वेतन व अंशकाल कांग्रेस सरकार ने ही बढ़ाया है। आजादी के समय कंगाल मिले भारत को कांग्रेस ने पुन: सोने की चिढ़िया बना विश्व में इसकी पहचान बनाई है। भारत तो हजारों साल से है जबकि भाजपा वाले कहते हैं नया भारत बनाएंगे, पता नहीं एक सिर के बदले दस सिर लाने, विदेशों में जमा काला धन लाने, हर महिला के खाते में रुपया जमा कराने, करोड़ों युवाओं को रोजगार देने का कहने वाले अब कैसा नया भारत बनाएंगे।
देवस्थान संपत्ति व भूमि पर कब्जों के विरुद्ध होगी कार्रवाई
