पेड टूटकर गिरने से सुखाड़िया की मूर्ति टूटी, ठीक ना हो तो नई बनवाने के निर्देश
– उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने किया निरीक्षण, अधिकारियों से की चर्चा
उदयपुर। आधुनिक राजस्थान का निर्माता कहे जाने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाडिया की सुखाडिया सर्कल पर लगी धातु से बनी मूर्ति शुक्रवार रात को आए तेज अंधड के चलते नीचे गिर पड़ी। इस मूर्ति को नगर निगम के गैराज शाखा में रखवाया है। सूचना मिलने पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन नगर निगम के गैराज शाखा गए और निगम के अधिकारियों से चर्चा कर इस मूर्ति को पहले की तरह ठीक करवाने और ऐसा नहीं होने पर नए मूर्ति बनवाकर लगाने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार सुखाडिया सर्कल पर आधुनिक राजस्थान का निर्माता कहे जाने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोहनलाल सुखाडिया की धातु से निर्मित एक बडी मूर्ति लगी हुई है। इस मूर्ति का अनावरण 18 जुलाई 1989 को भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वैंकट रमण ने किया था। शुक्रवार मध्य रात्रि को आए अंधड के कारण सुखाडिया की इस मूर्ति पर एक बड़ा से पेड टूट कर गिर गया, जिससे यह मूर्ति पांव के पास से टूटकर नीचे गिर पड़ी। सुबह जब लोगों ने देखा तो नेताओं और अधिकारियों को बताया। इस पर दोपहर बाद पेड गिरने से टूटकर नीचे गिरी इस मूर्ति को नगर निगम ने वहां से हटाया और गैराज शाखा में रखा। इधर सूचना मिलने पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन भी गैराज शाखा पहुंचे और टूट कर गिरी मूर्ति का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर निगम के अभियंता मुकेश पुजारी को भी बुलाया गया। शहर विधायक ताराचंद जैन ने मूर्ति को लेकर अभियंता पुजारी से चर्चा की। इस पर पुजारी ने बताया कि मूर्तिकार को बुलाकर मूर्ति को बताया जाएगा। इस पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने अभियंता मुकेश पुजारी को कहा कि यदि यह मूर्ति पूरी तरह से ठीक होकर पहले की तरह हो सके तो इसे ही ठीक करवाना अन्यथा ऐसी ही नई मूर्ति बनवाकर पुनः स्थापित करने के निर्देश दिए। बाद में इस मूर्ति को गैराज शाखा से पुरोहितों की मादड़ी स्थित निगम के फायर स्टेशन में शिफ्ट किया गया।
सुखाडिया सर्कल पर स्थित अंधड में हुआ हादसा
