जिस देश के युवा एवं महिला शक्ति जागृत हो जाए, उस देश का काया कल्प हो सकता है : आचार्य विजयराज

उदयपुर, 11 अगस्त। केशवनगर स्थित अरिहंत वाटिका में आत्मोदय वर्षावास में हुक्मगच्छाधिपति आचार्य श्री विजयराज जी म.सा. एवं उपाध्याय श्री जितेश मुनि जी म.सा. की निश्रा में राष्ट्रीय महिला शिविर का समापन रविवार को हुआ। शिविर में राष्ट्रीय शिविर में उपस्थित महिलाओं को प्रेरित करते हुए आचार्य श्री विजयराज जी म.सा. कहा कि जिस समाज में महिला जागरूक, प्रबुद्ध एवं समृद्ध है वह समाज जागरूक, प्रबुद्ध एवं समृद्ध होता है। जिस देश के युवा एवं महिला शक्ति जागृत हो जाएं, उस देश का काया कल्प हो सकता है। ये लोक षड्द्रव्यों से बना है। इस संसार में अधिकांश जन पुद्गलों को पुष्ट कर पुद्गलानंदी बन रहे हैं जबकि हमें आत्मानंदी बनना चाहिए। पुद्गलों का स्वभाव सड़न, गलन एवं विध्वसंन का है। हमारा औदारिक शरीर भी पुद्गलों से बना है, जो समय के साथ बदलता रहता है, जबकि तेजस और कार्मण शरीर आत्मा के साथ रहते हैं। हमारे कर्म पुद्गल मिट्टी रूप हैं और आत्मा स्वर्ण रूप है। खदान की मिट्टी से सोना अलग किया जा सकता है वैसे ही कर्म खपा कर आत्मा को स्वर्ण सा शुद्ध बनाकर सिद्ध-बुद्ध-मुक्त बना जा सकता है। उपाध्याय श्री जितेश मुनि जी म.सा. ने कहा कि विवेक से बोलने पर कर्मों का बंध नहीं होता। वाणी का दुरूपयोग करने पर भविष्य में बोलने की शक्ति नहीं मिलेगी अतः जब भी बोलें कम बोलें, मीठा बोलें, तोल कर बोलें। जिस व्यक्ति को व्यवस्थित बोलना आता है वह विवाद को संवाद में बदल देता है। श्रीसंघ अध्यक्ष इंदर सिंह मेहता ने बताया कि आज तीन दिवसीय राष्ट्रीय महिला शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि साधना भूपेन्द्र बाबेल एवं रंजना इंदर सिंह मेहता थे, जबकि कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्री अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी शान्त-क्रान्ति जैन महिला संघ की राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजना , शकुन्तला लोढ़ा व साधना खमेसरा ने भी सम्बोधित किया। मीडिया प्रभारी डॉ. हंसा हिंगड़ ने बताया कि मंगलाचरण एवं स्वागत गीत महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत किया गया। उदयपुर शान्त-क्रान्ति महिला मंडल की अध्यक्षा पद्मिनी चौधरी ने मंडल की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रेखा बड़ाला ने किया। इस अवसर पर शान्ता मोगरा एवं पूर्णिमा बोकड़िया का  बहुमान किया गया। सभी 380 शिविरार्थियों को पद्मिनी कृष्णकुमार चौधरी  ने  बैग की प्रभावना वितरित की।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!