उदयपुर। शिक्षा मंत्रालय द्वारा निपुण भारत मिशन के तहत पढ़ने और समझने की क्षमता तथा गणितीय कौशल का पता लगाने के लिए परख एनसीईआरटी न्यू दिल्ली के तत्वाधान में राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उदयपुर द्वारा दिनांक 24 एवं 25 अप्रैल 2026 को राज्य के समस्त 41 जिलों के 511 चयनित विद्यालयों में फाऊंडेशनल लर्निंग स्टडी 2026 डाइट के माध्यम से सफलता पूर्वक संपादित हुआ। इस राज्य व्यापी सर्वेक्षण में कक्षा तीन उत्तीर्ण होकर कक्षा चार में अध्यनरत लगभग 6000 विद्यार्थियों के पढ़ने लिखने एवं संख्या ज्ञान के कौशल का आकलन किया गया l
इस साक्ष्य आधारित सर्वेक्षण को टेब के माध्यम से संपादित किया गया। इस हेतु परख एप का निर्माण आईआईटी दिल्ली द्वारा किया गया। फील्ड इन्वेस्टिगेटर ने विद्यार्थियों से प्रश्न किए तथा उनके प्रत्युत्तर टेब में दर्ज किए । इसके साथ ही संस्था प्रधान तथा भाषा एवं गणित पढ़ाने वाले शिक्षक से भी टेब में प्रश्नावली भरवाई गई।
यह राष्ट्रीय स्तर का सर्वेक्षण राज्य स्तरीय समन्वयक श्वेता फगेड़िया, निदेशक,RSCERT, बीना नाहर , प्रोफेसर 2 एवं कपिला कंठालिया ,एसोसिएट प्रोफेसर के कुशल नेतृत्व में संपादित किया गया। राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक दलों द्वारा आकलन का निरीक्षण कर इसकी सटीकता, शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की गई ।
इस सर्वेक्षण में परख मास्टर ट्रेनर नेशनल लेवल ट्रेनर कम ऑब्जर्वर डाॅ नाज़नीन ने भी संपूर्ण सर्वेक्षण प्रकिया का अवलोकन किया । परिषद के दक्ष प्रशिक्षक नरेंद्र श्रीमाल एवं सौरभ पोरवाल ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर विद्यार्थियों की बुनियादी कौशल की दक्षता का आकलन करते हुए आगे की कार्य योजना का निर्माण किया जाएगा।
