हीटवेव – प्रशासन अलर्ट, बचाव व राहत को लेकर तैयारियां

चारे-पानी के प्रबंधन पर जोर
अस्पतालों में लू-तापाघात से बचाव व उपचार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
उदयपुर।। राज्य में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम विभाग की ओर से चेतावनी को देखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार के निर्देशों के क्रम में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हीटवेव के दौरान आमजन तथा पशुधन को प्रभावित होने से बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
नोडल अधिकारी नियुक्त : राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राजस्थान सहित देश के 23 राज्यों को हीट वेव के प्रति संवेदनशील घोषित किया है। इसी के तहत राजस्थान में राहत आयुक्त को राज्य स्तर पर हीट वेव एक्शन प्लान तैयार करने और उसे जिला स्तर पर लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के आदेशानुसार जिले में हीट वेव प्रबंधन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो जिले में लू से बचाव की तैयारियों, जन-जागरूकता और राहत कार्यों की सीधे निगरानी करेंगे। इसके अलावा प्रशासन की ओर से आमजन को लू-तापाघात से बचाव को लेकर जागरूक करने के लिए भी विविध आईईसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों, तहसीलदारों, नगर निगम आयुक्त और स्वास्थ्य विभाग सहित 12 प्रमुख विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
आमजन से अपील : जिला प्रशासन ने आमजन के राहत हेतु गर्मी/लू-ताप की लहर के दौरान भारत एवं राज्य सरकार द्वारा तैयार क्या करें और क्या न करें गाइडलाइन जारी की है। साथ ही किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेकर उपचार लेने की भी अपील की है।
क्या करें
खूब पानी पीएं : नियमित रूप से पानी, छाछ, लस्सी और ताजे फलों का रस पीते रहें।
सही कपड़े पहनें : हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें ताकि शरीर को हवा मिलती रहे।
सिर ढककर रखें : बाहर निकलते समय टोपी, दुपट्टा या छाता का उपयोग अवश्य करें।
तरल पदार्थों का सेवन : ओआरएस घोल, घर में बने पेय जैसे नींबू पानी, आम पन्ना और नारियल पानी का सेवन करें।
समय का ध्यान रखें : धूप में निकलने से बचें, विशेषकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच।
घर को ठंडा रखें : खिड़कियों पर पर्दे लगाएं, शाम को खिड़कियां खोलें और पंखा/कूलर चलाकर रखें।
क्या ना करें
तेज धूप से बचें : सीधे सूर्य की रोशनी के संपर्क में आने से बचें।
नशीले पदार्थों का परहेज : चाय, कॉफी, शराब और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स (कोल्ड ड्रिंक) का अत्यधिक सेवन न करें, ये शरीर को डिहाइड्रेट करते हैं।
खाली पेट न रहें : कभी भी खाली पेट घर से बाहर न निकलें।
कठिन परिश्रम : दोपहर के समय भारी शारीरिक श्रम या व्यायाम करने से बचें।
लापरवाही न बरतें : बच्चों और पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ी में कभी भी अकेला न छोड़ें।
कपड़ों का चुनाव : सिंथेटिक, गहरे रंग के या बहुत तंग कपड़े न पहनें।
विभागों को भी निर्देश जारी
हीट वेव के दौरान मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए जिला कलक्टर ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लू से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं रखने और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विद्युत निगम एवं पीएचईडी को निर्बाध बिजली एवं पेयजल की आपूर्ति बनाए रखने, पशुपालन एवं कृषि विभाग को मूक पशुओं और फसलों के बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय निकायों को आवश्यकतानुसार सार्वजनिक स्थलों पर छाया, पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

सतर्कता समिति की बैठक 16 को
उदयपुर। जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक 16 अप्रैल गुरुवार को सुबह 10.30 बजे जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट परिसर स्थित राजस्थान संपर्क आईटी केंद्र में आयोजित होगी। प्रभारी अधिकारी एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने बताया कि बैठक में समिति में पंजीकृत प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निस्तारित किए जाएंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट निर्धारित समय पर भिजवाने तथा अपेक्षित सूचनाओं के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!