सलूंबर 15 मार्च। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण एवं व्यावसायिक उपयोग की रोकथाम हेतु जिला सतर्कता टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई जिला रसद अधिकारी श्री जगदीश बामणिया एवं डीएसपी श्री हेरंभ जोशी के नेतृत्व में प्रवर्तन स्टाफ की टीम द्वारा की गई।
आज दिनांक 15 मार्च 2026 को सलूंबर क्षेत्र में 05 प्रतिष्ठान पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर 04 घरेलू गैस सिलेंडर पाए गए, जिनका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था। जांच के दौरान उक्त सिलेंडर बीपीसीएल कंपनी के पाए गए।
टीम द्वारा सिलेंडरों का वजन एवं गैस की मात्रा की जांच की गई, जिसमें क्रमशः लगभग 0.7 किलोग्राम, 0.9 किलोग्राम एवं 0.9 किलोग्राम गैस पाई गई। घरेलू गैस सिलेंडरों का इस प्रकार व्यावसायिक उपयोग किया जाना एलपीजी (आपूर्ति एवं वितरण) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।
उक्त प्रकरण में जिला सतर्कता टीम द्वारा मौके से 04 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा संबंधित व्यक्ति से सुपुर्दगी पत्र लिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल घरेलू प्रयोजन के लिए ही करें। साथ ही यह भी अवगत कराया गया है कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण न करें।
