घरेलू गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक, उपभोक्ता भ्रमित न हों – जिला कलक्टर

गैस सिलेण्डर आपूर्ति व्यवस्था पर जिला प्रशासन की पैनी नजर
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर ने ली एलपीजी वितरकों की बैठक
उदयपुर, 11 मार्च। खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के चले एलपीजी गैस सिलेण्डर को लेकर बन रही उहापोह की स्थिति के बीच जिला प्रशासन एलपीजी वितरण को लेकर पूरी तरह से सतर्क है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बुधवार को कलक्ट्रेट मिनी सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में एलपीजी वितरकों की बैठक ली। इसमें जिला कलक्टर ने कहा कि आमजन को गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला रसद अधिकारी मनीष भटनागर ने बताया कि जिले में कुल 44 गैस वितरक फर्म कार्यरत हैं, जिनमें एचपीसीएल के 8, बीपीसीएल के 18 और आईओसीएल के 18 वितरक शामिल हैं। जिले में कुल 7 लाख 54 हजार 405 घरेलू गैस कनेक्शन धारक हैं, जिनमें 3 लाख 63 हजार 142 उज्ज्वला योजना तथा 3 लाख 9 हजार 957 सामान्य उपभोक्ता शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्रतिदिन लगभग 10 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है तथा घरेलू गैस की आपूर्ति 48 से 72 घंटे के भीतर सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में घरेलू गैस कनेक्शन धारकों, शिक्षण संस्थानों और चिकित्सा संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की प्रतिदिन लगभग 1000 सिलेंडरों की आवश्यकता है। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि गैर-घरेलू सिलेंडरों का भी पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए। कलक्टर मेहता ने अधिकारियों और वितरकों को निर्देशित किया कि गैस सिलेण्डरों की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रहनी चाहिए ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, एसडीएम गिर्वा अवुला सांईकृष्ण, बीपीसीएल प्रादेशिक प्रबंधक अजय पटेल, विक्रय अधिकारी श्लोक गुप्ता, एचपीसीएल के विक्रय अधिकारी दीपक आचार्य, आईओसीएल के विक्रय अधिकारी धर्मेंद्र सहित एलपीजी वितरक उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर ने की अपील
जिला कलक्टर नमित मेहता ने आम उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेण्डर को लेकर किसी प्रकार से पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। जिले में घरेलू गैस सिलेण्डर का पर्याप्त स्टॉक है। जिन लोगों ने बुकिंग करा रखी हैं, उन्हें नियमानुसार घरेलू गैस सिलेण्डर निर्बाध रूप से उपलब्ध कराए जा रह हैं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!