पंचायत समिति स्तर पर पंच गौरव मेला व प्रदर्शनी 25 व 26 को तैयारियां पूर्ण

उदयपुर, 23 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर शुरू की गई पंच गौरव योजना के तहत आमजन को पंच गौरव की महत्ता से रूबरू कराने तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अब पंचायत समिति स्तर पर पंच गौरव मेले एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। उदयपुर जिले में पंच गौरव कार्यक्रम क्रियान्वयन अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देश पर 25 एवं 26 फरवरी को सभी पंचायत समिति मुख्यालयों पर पंच गौरव मेला व प्रदर्शनी आयोजित होगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रिया डाबी के मार्गदर्शन में होने वाले पंच गौरव मेले को लेकर पंचायत समिति स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

पंच गौरव सदस्य सचिव पुनीत शर्मा ने बताया कि पंच गौरव मेला एवं प्रदर्शनी में एक जिला एक उत्पाद-मार्बल एवं ग्रेनाईट, एक जिला एक उपज-सीताफल, एक जिला एक वनस्पति प्रजाति-महुआ, एक जिला एक खेल-तैराकी, एक जिला एक पर्यटन स्थल-फतेहसागर एवं पिछोला के समग्र विकास एवं संरक्षण की अवधारणा को केंद्र में रखकर प्रदर्शनी और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। मेले एवं प्रदर्शनी में चयनित पंच गौरव की विशेष जानकारी प्रदर्शित करने हेतु विकास अधिकारियों द्वारा संबंधित पंच गौरव विभागों को पंच गौरव स्टॉल का आवंटन किया जाएगा जिसमें संबंधित पंच गौरव विभागों द्वारा विभिन्न प्रचार प्रसार सामग्री का प्रदर्शन कर आमजन को चयनित पंच गौरव के बारे में समग्र जानकारी प्रदान की जाएगी।

आयोजन के दौरान स्थानीय कारीगरों, स्थानीय स्वयं सहायता समूह, महिला समूहों और किसानों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था भी रहेगी। इससे ग्रामीण उत्पादों को बाजार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबुती मिलेगी। साथ ही कृषि, उद्यानिकी, वानिकी एवं अन्य विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी, तकनीकी मार्गदर्शन और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।

मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन तथा युवाओं के लिए प्रेरक गतिविधिया भी आयोजित की जाएगी। पंच गौरव मेला न केवल जिले की विशिष्ट पहचान को उजागर करेगा, बल्कि स्थानीय उद्यमिता, पर्यटन, खेल और सांस्कृतिक धरोहर एवं पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा देगा एवं जिले में विशिष्ट महत्व के उत्पादों को पहचान दिलाएगा। यह आयोजन क्षेत्र की समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!