उदयपुर। शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए रोटरी क्लब दृष्टि ने अपने अभियान को नई गति दी है। इस जन-जागरूकता अभियान के लिए समाजसेवी प्रदीप कुमावत को ब्रांड एम्बेसेडर नियुक्त किया गया है। क्लब का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
क्लब की संरक्षक स्वीटी छाबड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि रोटरी क्लब दृष्टि पहले भी कई सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाता रहा है। इसी कड़ी में अब “पॉलिथीन मुक्त उदयपुर” अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। इसके अलावा क्लब ने अब तक शहर की 180 बावड़ियों की सफाई कर उनका पानी पीने लायक बना दिया। क्लब ने शहर की कुल 500 बावड़ियों की सफाई का लक्ष्य रखा है।
अभियान के तहत शहर के प्रमुख पर्यटन और सार्वजनिक स्थलों जैसे फतेहसागर झील, पिछोला झील और गुलाब बाग सहित अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां लोगों द्वारा फेंके जा रहे पॉलिथीन कचरे पर रोक लगाने के लिए जागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर अभियान और कपड़े के थैलों का वितरण किया जाएगा।
ब्रांड एम्बेसेडर प्रदीप कुमावत ने कहा कि पॉलिथीन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है बल्कि जल स्रोत भी प्रदूषित होते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बाजार जाते समय कपड़े या जूट के बैग का उपयोग करें और सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करें।
रोटरी क्लब दृष्टि का यह अभियान आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों और व्यापारिक संगठनों तक भी पहुंचेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर उदयपुर को पॉलिथीन मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकें। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह कृष्णावत, डॉ पूजा छाबड़ा,सार्जेंट एट आम्र्स वैशाली मोटवानी और निदेशक पब्लिक इमेज परमेश्वर अग्रवाल,संतोष कालरा, पुष्पेन्द्र परमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक व सदस्य मौजूद थे।
रोटरी क्लब दृष्टि का पॉलिथीन मुक्त उदयपुर अभियान तेज, प्रदीप कुमावत बने ब्रांड एम्बेसेडर
