उदयपुर में 21 फरवरी से सजेगा ‘आदि बाजार’
सांसद चुन्नीलाल गरासिया करेंगे उद्घाटन
उदयपुर, 17 फरवरी। जनजातीय शिल्पकारों को प्रोत्साहन देने और उनके पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत ट्रायफेड द्वारा उदयपुर में 21 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक “आदि बाजार” का आयोजन भारतीय लोक कला मंडल परिसर में होगा।
ट्राय फेड की रीजनल मैनेजर मोनिका ने बताया कि आदि बाजार का उद्घाटन राज्यसभा सांसद श्री चुन्नीलाल गरासिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। आयोजन के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनजातीय कारीगरों द्वारा लगभग 30 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पारंपरिक आदिवासी हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा। इस “आदि बाजार” में वस्त्र, धातु शिल्प, लकड़ी की कलाकृतियां, जूट उत्पाद, प्राकृतिक उत्पाद सहित विविध पारंपरिक जनजातीय वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय शिल्पकारों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना तथा आमजन को उनकी समृद्ध संस्कृति और कला से रूबरू कराना है।
