बजट में कला, साहित्य, संगीत और पर्यटन को मिले विशेष प्राथमिकता: मुकेश माधवानी

उदयपुर। राजस्थान सरकार के आगामी बजट को लेकर शहर के समाजसेवी एवं उद्योगपति मुकेश माधवानी ने अपनी अपेक्षाएं साझा करते हुए सरकार से विशेष आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि झीलों की नगरी उदयपुर की अर्थव्यवस्था और पहचान का मुख्य आधार कला, साहित्य, संगीत, संस्कृति और पर्यटन है, अतः इस बार के बजट में इन क्षेत्रों को विशेष प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

संगीत संग्रहालय के लिए बजट प्रावधान की मांग

मुकेश माधवानी ने उदयपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने पर जोर देते हुए कहा कि शहर में एक अत्याधुनिक संगीत संग्रहालय की स्थापना के लिए विशेष बजट की मांग है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस संग्रहालय के निर्माण के लिए बजट में पर्याप्त राशि का प्रावधान किया जाए, ताकि मेवाड़ की संगीत परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सके। पर्यटन के क्षेत्र पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उदयपुर दुनिया भर के पर्यटकों की पहली पसंद है। ऐसे में सरकार को यहाँ नए टूरिस्ट स्पॉट विकसित करने और मौजूदा पर्यटन स्थलों के बुनियादी ढांचे को सुधारने पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इससे न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

व्यापारियों और उद्यमियों के हितों का संरक्षण

मुकेश माधवानी ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए सुझाव दिया कि बजट निर्माण के दौरान व्यापारियों और उद्यमियों की मांगों और समस्याओं को केंद्र में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय व्यापार को सरकारी स्तर पर प्रोत्साहन और सरल नीतियां मिलती हैं, तो इससे न केवल व्यापार फले-फूलेगा, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!