महाशिवरात्रि को लेकर शिव भोले सेवा समिति ने कसी कमर, तैयारियों को अंतिम रूप

उदयपुर । आगामी महाशिवरात्रि पर्व को भव्य, सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय बनाने के उद्देश्य से शिव भोले सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु अलग-अलग समितियों का गठन किया गया तथा समिति सदस्यों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
समिति के गौरव कंधारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 फरवरी रविवार को महाशिवरात्रि का पावन पर्व अशोक नगर मेन रोड स्थित दातापति हनुमान शिव मंदिर में श्रद्धा, आस्था एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सेवा, व्यवस्था एवं प्रसाद वितरण से संबंधित समितियाँ गठित की गई हैं।
समिति के अनिल माटा ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोले प्रसाद व्यवस्था की जिम्मेदारी विकास छाबड़िया के नेतृत्व में सौंपी गई है। महाशिवरात्रि के दिन मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण हेतु विशेष काउंटर लगाए जाएंगे, जहां केसर युक्त दूध, फल, सेवरी, पकौड़े एवं विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का वितरण किया जाएगा।
इसके साथ ही समिति द्वारा सेगारी (उपवासी) श्रद्धालुओं के लिए अलग से प्रसाद व्यवस्था भी की गई है, ताकि उपवास रखने वाले शिव भक्तों को उनकी श्रद्धा के अनुरूप प्रसाद सहज रूप से उपलब्ध हो सके।
वहीं समिति के राजेन्द्र जैन ने बताया कि आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सभी सेवकों को उनकी जिम्मेदारियाँ स्पष्ट रूप से सौंप दी गई हैं। महाशिवरात्रि के दिन भोले प्रसाद का वितरण प्रातः 6 बजे से प्रभु इच्छा तक निरंतर जारी रहेगा,थ जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो सकें।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आपसी समन्वय एवं सेवाभाव के साथ आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में सुनील कालरा, शैलेन्द्र तलदार, अनिल कस्तुरी, राजेन्द्र जैन, दीपक बिलोची, गौरव कंधारी, अनिल माटा, जितेन्द्र कालरा, हेमन्त गौड़, नरेंद्र डेम्बला, विकास छाबड़िया, हरीश ठाकुर एवं आत्मप्रकाश जैन सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
शिव भोले सेवा समिति ने शहर के समस्त शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महाशिवरात्रि के इस पावन आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!