-सांसद डॉ रावत ने पिछले दिनों रेल मंत्री से की थी मांग
-यह ट्रेन अब आगे सूरत तक चलाने का प्रयास रहेगा
उदयपुर। भारतीय रेलवे ने आगामी 16 फरवरी से उदयपुर से अहमदाबाद के असारवा रेलवे स्टेशन तक नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की घोषणा कर दी है। सांसद डॉ मन्नालाल रावत ने उदयपुरवासियों को इस तोहफे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रेल मंत्री अश्विन वैष्णव का आभार जताया है।
सांसद डॉ रावत ने कहा कि हम लगातार इसके लिए आग्रह कर रहे थे और पिछले दिनों रेल मंत्री ने इसके लिए आश्वासन भी दिया था। यह रेल अब आगे सूरत तक बढाने की संभावना भी बढ गई है।
इस हाईस्पीड ट्रेन के शुरू होने से उदयपुर व अहमदाबाद के बीच व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। यह ट्रेन उदयपुर से रवाना होकर सुबह डूंगरपुर, हिम्मतनगर होकर असारवा पहुंचेगी। इस वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से उदयपुर से अहमदाबाद और आगे वहां से मुंबई और दक्षिणी भारत से सीधी ट्रेन की कनेक्टिविटी मिलेगी। सप्ताह में छह दिन चलने वाली यह वंदे भारत ट्रेन उदयपुर से सुबह 6.10 बजे रवाना होकर सुबह 10.25 बजे असारवा पहुंच जाएगी। इसी प्रकार वापसी में ये ट्रेन असारवा से शाम 5.45 बजे रवाना होगी जो रात 10 बजे उदयपुर पहुंच जाएगी। ट्रेन का स्टॉपेज रूट पर उदयपुर के जावर स्टेशन, डूंगरपुर स्टेशन और गुजरात के हिम्मतनगर स्टेशन पर होगा।
उदयपुर से असारवा तक वंदे भारत ट्रेन 16 फरवरी से, सांसद डॉ रावत ने आभार जताया
