साढ़े तीन तोले का रजत छत्र भी भेंट
बड़ोदिया (बांसवाड़ा) फाल्गुन कृष्ण तृतीया बुधवार को नंदनी माता मंदिर में शिखर प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिन भक्ति व आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो गया।
नंदनी माता विकास समिति के भूपेश पटेल व मुदित जोशी ने बताया कि बड़ोदिया गांव की सकल हिंदू समाज की मातृशक्ति एवं मां त्रिपुरा सुंदरी मंडल द्वारा मां नंदनी को लगभग 500 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई।
मंडल की सदस्य आशा पंचाल व दीपिका कलाल ने बताया कि करीब 200 से अधिक महिलाएं लक्ष्मीनारायण मंदिर से ढोल-नगाड़ों के साथ सुसज्जित थाल में चुनरी, साढ़े तीन तोले का रजत छत्र, फूलमालाएं व मिश्री लेकर पदयात्रा के रूप में रवाना हुईं।
भक्तिमय नारों—
“पावली लईनी मु तो नंदनी माता गई थी…”
“मेरे तन में है राम, मेरे रोम-रोम में राम…”
के साथ मातृशक्ति पहाड़ी पर चढ़ी और मां को चुनरी अर्पित की।
इस अवसर पर मां त्रिपुरा सुंदरी की तस्वीर भेंट की गई तथा रजत छत्र अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। आयोजन में समिति अध्यक्ष जितेंद्र पाटीदार के सानिध्य में श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
