जयपुर 03 फरवरी। बाड़मेर जिले की बाखासर पुलिस ने ऑपरेशन खुलासा के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सुहागी गांव में हुई लाखों रुपये की नकबजनी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में बिना किसी सीसीटीवी फुटेज के पुलिस ने केवल अपने सूचना तंत्र और तकनीकी विश्लेषण के दम पर अपराधियों को जोधपुर से दबोच लिया।
*सोते रहे दंपत्ति, कमरे की कुंडी लगा पार कर ले गए गहने*
एसपी नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि वारदात बीती 20 जनवरी की रात की है। सुहागी निवासी शेषकरण चारण के घर में अज्ञात चोरों ने फिल्मी अंदाज में सेंध लगाई। प्रार्थी अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने उनके कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी ताकि वे बाहर न आ सकें। इसके बाद बदमाशों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 280 ग्राम सोना और 600 ग्राम चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
*बिना सीसीटीवी के पुलिस ने बुना चक्रव्यूह*
ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण घटनास्थल के आसपास कोई तकनीकी साक्ष्य मौजूद नहीं था। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने इसे चुनौती के रूप में लिया और बाखासर थानाधिकारी राजुराम विश्नोई व डीएसटी प्रभारी आदेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने संदिग्धों के आने-जाने वाले रास्तों का रूटमैप तैयार किया और पारंपरिक मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
*जोधपुर, नागौर और बीकानेर तक पीछा, फिर मिली सफलता*
मुख्य आरोपी भगाराम बेहद शातिर अपराधी है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। बाड़मेर पुलिस की टीमों ने उसका पीछा जोधपुर, नागौर और बीकानेर तक किया। अंततः रेंज आईजी की स्पेशल टीम के सहयोग से जोधपुर में घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर भगाराम को दस्तयाब किया गया। पूछताछ के बाद चोरी का माल खरीदने वाले सुनार गणपत सोनी को भी चौहटन से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी भगाराम जाट निवासी चितरोली थाना शिव, पुलिस थाना शिव का हिस्ट्रीशीटर है; जिसके विरुद्ध चोरी और नकबजनी के 27 मामले दर्ज हैं। वहीं चोरी का माल खरीदने का आरोपी गणपत सोनी (35) निवासी चौहटन पर 3 मामले दर्ज हैं। जबकि फरार आरोपी और शिव थाने का हिस्ट्रीशीटर, जिस पर 40 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस इसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब इनसे चोरी किए गए जेवरातों की शत-प्रतिशत बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इन अपराधियों से पूछताछ में पश्चिमी राजस्थान की कई अन्य बड़ी वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
बाड़मेर पुलिस का ऑपरेशन खुलासा: सुहागी की बड़ी नकबजनी का पर्दाफाश
