विधानसभा में बोले शहर विधायक

कांग्रेस केवल घोषणा करती है पर काम भाजपा सरकार में होते है – ताराचंद जैन
– कांग्रेस सरकार ने दो एलिवेटेड़ रोड़ की घोषणा की पर बजट नहीं दिया, भाजपा सरकार ने एक एलिवेटेड़ रोड़ की घोषणा की और 55 प्रतिशत तक हो गया काम
उदयपुर। राजस्थान विधानसभा में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में उदयपुर शहर में दो एलिवेटेड़ सडक़ों की घोषणा की थी उसमें ना तो कोई बजट का प्रावधान किया और ना ही काम शुरू करवाया, जबकि भजनलाल सरकार में घोषित एलिवेटेड़ रोड़ की घोषणा के एक ही साल में 55 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही भाजपा सरकार में उदयपुर जिले में घोषित 21 में से 20 काम धरातल पर आ चुके है और उदयपुर शहर के 12 में से 12 काम धरातल पर है।
उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने मंगलवार को राजस्थान विधानसभा में कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में उदयपुर शहर में दो एलिवेटेड़ रामपुरा से राड़ाजी तक और फतहपुरा से पुलां तक की घोषणा की थी पर सरकार ने ना तो बजट का प्रावधान किया और ना ही इन कामों को शुरू करवाया, जिससे ये केवल घोषणाएं ही बनकर रह गई है। विधायक जैन ने कहा कि भजनलाल सरकार ने अपने बजट में उदयपुर में 2.65 किलोमीटर लम्बी एलिवेटेड़ रोड़ की घोषणा कर बजट जारी कर दिया, जिससे वर्तमान में इस एलिवेटेड़ का करीब 55 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और अगले साल मार्च में इसका उद्घाटन भी हो जाएगा। इसके साथ ही उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि सरकार ने उदयपुर शहर में चौराहो का विस्तारीकरण और कई बोटलनेक को समाप्त कर शहर के विकास को नया आयाम दिया है। जैन ने कहा कि उदयपुर पर्यटन नगरी है और पर्यटकों के साथ किसी तरह का अपराध ना हो और पर्यटन व्यवस्था बनी रहे इसके लिए ऑटो पर स्टीकर लगवाएं है और चालकों के ड्रेस कोड लागू किया है, जिससे उदयपुर शहर में पर्यटन बढ़ा है। उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि पूर्ववती सरकार ने अपना कार्यकाल होटलों में निकाल दिया और कभी सरकार बचाने तो कभी सरकार गिराने में निकाल दिया। अपने ही नेता को नकारा और निकम्मा कहकर अधिकारियों का मनोबल तोड़ा है पर भजनलाल सरकार ने उदयपुर जिले में 21 कामों की घोषणा की है, जिसमें से 20 काम धरातल पर है और शहर विधानसभा में 12 कामों की घोषणा की है, जिसमें 12 ही काम धरातल है। विधायक जैन ने केन्द्र सरकार के बजट की प्रशंसा की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देशन में सर्वांगीण विकास का बजट दिया है, जिसमें मुख्य रूप से महंगी दवाईयों पर ड्यूटी फ्री करके करोड़ों लोगों को राहत दी है। साथ ही रक्षा बजट में एक लाख करोड़ बढ़ाया है। जैन ने विधानसभा में केन्द्र सरकार सरकार के बजट की सराहना की।
आयड़ थाना बने, मुखर्जी चौक चौकी
विधानसभा में शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि आयड़, किशनपोल और मुखर्जी चौक संवेदनशील क्षेत्र है और आयड़ पुलिस चौकी को क्रमोन्नत कर थान बनाने की मांग की है। विधायक का कहना है कि यदि आयड़ थाना और मुखर्जी चौक में चौकी बनने पर वहां पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता रहेगा और अपराधों पर नकेल लगेगी।
एसआईआर में पकड़े गए 9 बांग्लादेशी
विधानसभा में शहर विधायक ताराचंद जैन ने एसआईआर पर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल जनता को गुमराह करने के लिए वोट चोरी का आरोप लगा रही है, जबकि एसआईआर से केवल सलूम्बर में अवैध रूप से रह रहे 9 बांग्लादेशी पकड़े है। इस तरह से पूरे देश में करोड़ों की संख्या में घुसपैठियों को चिन्हित किया जा रहा है।
सरकार में उदयपुर जिले में घटा अपराध का ग्राफ
शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि भाजपा सरकार में उदयपुर में अपराध में कमी आई है। विधायक ने कहा कि वर्ष 2023 मेें 91 हत्या के प्रकरण हुए थे तो वर्ष 2025 में 62 ही हुए है। इसी तरह हत्या का प्रयास वर्ष 2023 में 175 तो वर्ष 2025 में 161 प्रकरण, डकैती में वर्ष 2023 में 11 तो वर्ष 2025 में 2 प्रकरण, लूट में वर्ष 2023 में 255 तो वर्ष 2025 में 90 प्रकरण, अपहरण के वर्ष 2023 में 676 तो वर्ष 2025 में 496 प्रकरण, बलात्कार के वर्ष 2023 में 243 तो वर्ष 2025 में 119 प्रकरण, बलवा में वर्ष 2023 में 49 तो वर्ष 2025 में 47 प्रकरण, नकबजनी में वर्ष 2023 में 383 तो वर्ष 2025 में 239 प्रकरण, चोरी के वर्ष 2023 में 1440 तो वर्ष 2025 में 846 प्रकरण दर्ज हुए है। इस तरह से उदयपुर जिले मे वर्ष 2023 में 9842 अपराधिक प्रकरण हुए थे तो वर्ष 2025 में 6730 ही प्रकरण हुए है। भाजपा सरकार में राजस्थान में दो साल में 960 अपराधों की कमी आई है। इसी तरह राजस्थान में वर्ष 2023 में 231241 अपराधिक प्रकरण थे तो वर्ष 2025 में 187846 अपराध हुए है। राजस्थान में भजनलाल सरकार के कार्यकाल मेें 43395 अपराधों की कमी आई है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!