कैट विमेन विंग उदयपुर द्वारा वर्ल्ड कैंसर डे पर फतेहसागर पर आयोजित हुई भव्य कैंसर अवेयरनेस वॉकाथॉन

– कैट विमेन विंग उदयपुर व पारस हेल्थ के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन

उदयपुर, 3 फरवरी। कैट विमेन विंग उदयपुर एवं पारस हेल्थ के संयुक्त तत्वाधान में वर्ल्ड कैंसर डे के अवसर पर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु कैंसर अवेयरनेस वॉकाथॉन  फतेहसागर झील पर आयोजित किया गया, जिसमें  बड़ी संख्या में उदयपुर  वासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैट  विमेन विंग उदयपुर की अध्यक्ष एवं मेवाड़ रीजन इंचार्ज विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि वर्तमान समय में असंतुलित खानपान, तंबाकू एवं नशे का सेवन, बढ़ता वायु एवं जल प्रदूषण, मानसिक तनाव, शारीरिक निष्क्रियता और अनियमित दिनचर्या कैंसर के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही समय पर जागरूकता और जीवनशैली में सुधार कर कैंसर जैसी बीमारी से काफी हद तक बचा जा सकता है इसी जागरूकता के लिए इस वॉकथॉन का आयोजन किया गया।
कैट की मेडिकल डायरेक्टर के  डॉ. बलदीप शर्मा ने बताया कि पारस हेल्थ के कैंसर विशेषज्ञ डॉ मनोज महाजन ने अपने उद्बोधन में बताया कि कैंसर के प्रारंभिक लक्षण जैसे—अचानक वजन कम होना, लंबे समय तक थकान रहना, शरीर में गांठ का बनना, लगातार खांसी, असामान्य रक्तस्राव अथवा किसी घाव का देर तक न भरना—को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और प्रारंभिक स्तर पर उपचार से कैंसर को नियंत्रित किया जा सकता है।
डॉ प्रवीण, डॉ कीर्ति शर्मा,विशेषज्ञों ने कैंसर से रोकथाम के उपायों पर भी प्रकाश डालते हुए बताया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, तंबाकू और शराब से दूरी, नियमित स्वास्थ्य जांच, तनाव मुक्त जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण कैंसर से बचाव के प्रभावी उपाय हैं।
कैट की सचिव डॉ सोनू जैन एवं कार्यकारी  कोषाध्यक्ष चयनिका गलूंडिया ने बताया कि कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने एक समान टी-शर्ट और कैप पहनकर “कैंसर से बचाव – जागरूकता ही समाधान”, “स्वस्थ जीवन, कैंसर मुक्त जीवन” जैसे नारों के साथ वॉकाथॉन में भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर यू-कैन की निशा द्वारा ज़ुम्बा के माध्यम से फिटनेस का महत्व समझाया गया, जिससे उपस्थित सदस्यों को स्वस्थ रहने और नियमित व्यायाम अपनाने की प्रेरणा मिली। साथ ही डॉक्टरों द्वारा प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से महिलाओं को कैंसर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!