केंद्रीय बजट विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने वाला विजन पत्र – राज्यसभा सांसद श्री राठौड़

उदयपुर, 2 फरवरी। केंद्र सरकार द्वारा रविवार को लोकसभा में प्रस्तुत किए गए ऐतिहासिक और जन-केंद्रित बजट 2026-27 की विशेषताओं को आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार के निर्देश पर सोमवार को प्रदेश भर के मंत्रियों और सांसदों ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। इसी क्रम में, उदयपुर जिले में राज्यसभा सांसद श्री मदन राठौड़ ने प्रेसवार्ता को संबोधित किया और बजट को विकसित भारत के संकल्प को ठोस आधार देने वाला बताया

राज्यसभा सांसद श्री राठौड़ ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और उद्यमी-सभी के सशक्तिकरण की स्पष्ट दिशा दिखाता है। इसे केवल बजट कहना न्यायसंगत नहीं होगा, बल्कि यह विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने वाला एक विजन पत्र है। यह हर नागरिक के सपनों और आकांक्षाओं की मजबूत नींव रखने वाला है।उन्होंने कहा कि सरकार की पहचान रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म रही है, और इस रिफॉर्म एक्सप्रेस का सबसे मजबूत इंजन नारी शक्ति है।

श्री राठौड़ ने बजट की प्रमुख विशेषताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि बजट में महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और स्वावलंबन को केंद्र में रखा गया है। देशभर के प्रत्येक जिले में एक महिला छात्रावास की स्थापना का प्रस्ताव है, जिसके लिए लगभग 10,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सफल लखपति दीदी योजना का विस्तार कर महिलाओं को उद्यमी बनाने पर जोर दिया जाएगा।

युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए व्यापक अवसर है। युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए, कौशल विकास और रोजगार के व्यापक अवसर सृजित किए गए हैं। इसमें 15,000 माध्यमिक विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में ए.वी.जी.सी. कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना शामिल है। शिक्षा से रोजगार एवं उद्यम के लिए एक स्थायी समिति का गठन किया जाएगा, जिसका लक्ष्य वर्ष 2047 तक सेवा क्षेत्र में 10 प्रतिशत की वैश्विक हिस्सेदारी हासिल करना है। युवा उद्यमियों के लिए एमएसएमई ग्रोथ फंड में 10,000 करोड़ का आवंटन किया गया है। मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए स्वास्थ्य के खर्चों को कम किया जा रहा है। कैंसर की 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क शून्य या बहुत कम कर दिया गया है। स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के लिए अगले पाँच वर्षों में 1 लाख स्वास्थ्य पेशेवरों और 1.5 लाख केयर गिवर्स को जोड़ा जाएगा। विदेश यात्रा के टूर पैकेज पर टीसीएस को 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों का आर्थिक बोझ कम होगा।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने के लिए भारत-विस्तार नामक बहुभाषीय ए.आई. टूल का उपयोग किया जाएगा। पशुपालन क्षेत्र के लिए पूंजी सब्सिडी योजना शुरू की जाएगी, और 500 जलाशयों को मछली पालन से जोड़ा जाएगा। सरकार ने सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने के लिए निवेश को 22,500 करोड़ से बढ़ाकर 40,000 करोड़ करने का प्रस्ताव किया है। साथ ही, देशभर में 30 रासायनिक पार्कों का निर्माण भारत को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का एक मजबूत केंद्र बनाएगा।

सांसद श्री राठौड़ ने सभी से सरकार के प्रयासों में सहयोग करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया, ताकि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जासके। इस अवसर पर उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, समाजसेवी नाहरसिंह जोधा, प्रमोद सामर, गजपालसिंह, पुष्कर तेली आदि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!