उदयपुर। 02 फरवरी। केंद्र सरकार के बजट पर उदयपुर देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय बजट-2026 की घोषणाओं के बाद देशभर और विशेषकर राजस्थान में निराशा का माहौल है। ये हताशा मोदी सरकार के दावों और ज़मीनी हकीकत के बीच की गहरी खाई को साफ़ दर्शाती है। बेरोज़गार युवा, टैक्स के बोझ तले दबा मध्यम वर्ग, संकट से जूझते किसान, बंद होते स्टार्ट-अप, बाज़ार सबके हिस्से में सिर्फ़ निराशा आई है। इनकम टैक्स में कोई राहत नहीं देकर मध्यम वर्गीय लोगों के साथ विश्वासघात किया है। अर्थव्यवस्था की स्थिरता को लेकर कोई ठोस योजना नहीं दी गई है। ना ही गिरते रुपए पर कोई कदम उठाने की बात कही है।
कृषि क्षेत्र, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शहरी विकास, ग्रामीण विकास पर कटौती कर देश की आम जनता के साथ धोखा किया है। देश की जनता पिछले कई वर्षों से चुनौतियों का सामना कर रही है, लेकिन मोदी सरकार सिर्फ 2047 की खोखली बातें कर रही है। जल जीवन मिशन में 67 हजार करोड़ से घटाकर 17 हजार करोड़ कर दी गई है। देश की जनता को साफ पानी पीने के लिए भी अब ओर इंतजार करना पड़ेगा।
केद्रीय करो में राज्यों के अंश में कटौती कर के राज्यों के विकास की गाड़ी को रोक दिया गया है। राजस्थान में 1700 करोड़ की कटौती, मध्यप्रदेश में 2000 करोड़ और छत्तीसगढ़ को करीब 1000 करोड़ की कटौती कर के राज्यों की विकाश की गाड़ी को रोक दिया है।
