उदयपुर, 20 दिसंबर : ऋषभदेव थाना पुलिस ने मार्बल फैक्ट्री में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पाटुना चौक निवासी अविनाश भाणावत ने 16 दिसंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी फैक्ट्री अशोक भाणावत मार्बल्स प्रा.लि. कल्लाजी मंदिर के पास एनएच-48 पर स्थित है। 12 दिसंबर की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच दो महिलाएं और दो युवक फैक्ट्री परिसर में घुसकर कॉपर केबल, भारी लोहे का सामान, घन मेटल सामग्री और इन्वर्टर चोरी कर ले गए। इस पर थाना ऋषभदेव में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। थानाधिकारी हेमंत अहारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में लीला देवी, गंगा, सुनील और जीगर शामिल हैं, जो उदयपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
मार्बल फैक्ट्री में चोरी, दो महिलाओं सहित चार गिरफ्तार
