कैट वुमेन विंग द्वारा द यूनिवर्सल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ आयोजन
उदयपुर, 14 अगस्त। कैट वुमेन विंग की ओर से गुरुवार को द यूनिवर्सल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फतेहपुरा में “वोकल फ़ॉर लोकल – भारतीय सामान, हमारा स्वाभिमान” अभियान के तहत 1000 विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई। कैट वुमेन विंग अध्यक्ष एवं मेवाड़ रीजन इंचार्ज विजयलक्ष्मी गलूंडिया ने बताया कि विद्यालय के निदेशक संदीप सिंह गठवाडिय़ा एवं मोनिका सिंगारवाडिय़ा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाना आवश्यक है। यदि वर्तमान पीढ़ी जागरूक नहीं हुई तो भविष्य में पूरा बाज़ार ऑनलाइन कंपनियों के अधीन हो जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा। इस विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद और मंथन किया गया। कैट वुमेन विंग की सचिव डॉ. सोनू जैन ने बताया कि समारोह में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया जिसमें कहा कि भारत में बनी वस्तुएँ अपनाएं, विदेशी उत्पादों से दूरी बनाएँ, आत्मनिर्भर भारत में योगदान दें एवं शहरवासियों को जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया।
वोकल फ़ॉर लोकल थीम के साथ 1000 स्कूली बच्चों को स्वदेशी वस्तु अपनाने की दिलाई शपथ
