मेधावी आदिवासी बालिकाओं को मिलेगी नीट की निःशुल्क कोचिंग

उदयपुर व्यूज़ | ताजा खबरें

जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग ने किया फिजिक्स वाला के साथ अनुबंध
टीएसपी क्षेत्र की 100 बालिकाओं को मिलेगा लाभ
उदयपुर, 28 अप्रेल। प्रतियोगी परीक्षाओं तथा उच्च शिक्षण संस्थानों की प्रवेश परीक्षाओं के लिए प्रदेश के मेधावी पात्र विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के तहत जनजाति उपयोजना क्षेत्र की 100 आदिवासी बालिकाओं को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की निःशुल्क कोचिंग उपलबध कराई जाएगी। इसके लिए जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी के निर्देशन में विभाग ने फिजिक्स वाला कोचिंग संस्थान के साथ अनुबंध किया है। सोमवार को जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के आयुक्त श्री शक्तिसिंह राठौड़ की उपस्थिति में टीएडी की ओर से माणिक्यलाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक ओपी जैन तथा फिजिक्स वाला की ओर से अभिषेक शर्मा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
टीआरआई निदेशक श्री जैन ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री अनुप्रति योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसमें लक्षित लाभान्वितों की संख्या 30 हजार कर दी है। योजना की नोडल एजेंसी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग है। योजना के तहत नीट कोचिंग के लिए कुल 12 हजार विद्यार्थियों को लाभान्वित किए जाने का लक्ष्य है। इनमें जनजाति वर्ग से 2520 विद्यार्थी शामिल रहेंगे। इसमें टीएडी विभाग को 100 बालिकाओं का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसी क्रम में टीएसपी क्षेत्र से वर्तमान में 12वीं विज्ञान संकाय में अध्ययनरत बालिकाओं में से आवेदन के आधार पर 100 बालिकाओं का चयन किया गया है। इन बालिकाओं को निःशुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए फिजिक्स वाला कोचिंग संस्थान से दो वर्ष का अनुबंध किया गया है। इसमें संस्थान को प्रति बालिका 70 हजार रूपए वार्षिक की दर से भुगतान किया जाएगा। संस्थान की ओर से चयनित बालिकाओं का शिक्षण कार्य 14 मई से प्रारंभ किया जाएगा।
श्री जैन ने बताया कि योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली परीक्षाओं के लिए 450 विद्यार्थियों का लक्ष्य है, इनमें से जनजाति वर्ग से 94 विद्यार्थियों को चयन किया जाएगा। इसमें 25 विद्यार्थियों को जनजाति टीएडी के माध्यम से उपलबध कराई जाएगी। इसी प्रकार राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली आरएएस भर्ती परीक्षा के लिए 900 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसमें जनजाति वर्ग से 189 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!