उदयपुर, 8 मार्च। महावीर इंटरनेशनल जज्बा वीरा केन्द्र द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को सुंदर सिंह भंडारी सेटेलाइट चिकित्सालय, अम्बामाता में बारह महिला चिकित्सकों एवं चिकित्सा प्रभारियों का उपरणा ओढ़ाकर एवं इनडोर प्लांट्स भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सचिव सुमन भंडारी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्र अध्यक्षा डॉ. हंसा हिंगड़ ने करते हुए सभी सेवा प्रदाता नारी शक्ति के समर्पण एवं जज्बे की प्रशंसा की। इस अवसर पर डॉ. राहुल जैन, डॉ. नाजिमा, सुशील सिंघवी ने भी अपने विचार रखे। डॉ. निशा शर्मा ने खानदान की इज्जत लड़की एवं सिस्टर रेखा ने मां मैं पतवार बनूंगी, लहरों से लडूंगी गीतिका प्रस्तुत की। इस अवसर पर वात्सल्य परियोजना के तहत जज्बा वीरा केन्द्र द्वारा दस गर्भवती महिलाओं एवं नव प्रसूताओं को घी, गुड़ एवं गोला प्रदान किया गया। इसके साथ ही कल्पना सिंघवी के सहयोग से सौ सेनेटरी पेड भी चिकित्सालय को भेंट किए गए। इस सेवा कार्य में कुसुम बोर्दिया, सौम्या जैन, सपना मेहता, रेणु बाबेल, वीना धाकड़, कल्पना सिंघवी ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जज्बा वीरा ने किया चिकित्सकों का सम्मान
