उदयपुर, 5 मार्च : शहर में सूने मकानों की रैकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने उदयपुर, जयपुर और अजमेर में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार 15 फरवरी को सवीना थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 निवासी भगवती प्रसाद ने पुलिस को सूचना दी कि जब वे शादी समारोह के लिए घर से बाहर गए थे, तब चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपु (भीलवाड़ा), लीलाराम (भीलवाड़ा) और कालू (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कार से सूने मकानों की रैकी करते थे और रात के अंधेरे में ताले तोड़कर चोरी को अंजाम देते थे। आरोपियों ने दिसंबर 2024 में सविना में 3 लाख, फरवरी 2025 में वीआईपी कॉलोनी में 5 लाख, जयपुर में 4 लाख और वैशाली नगर में कई मकानों में नकबजनी की वारदातें कबूल की हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
सूने मकानों को निशाना बनाने वाले तीन चोर गिरफ्तार, लाखों की चोरी का खुलासा
