उदयपुर, 20 अगस्त (ब्यूरो): रक्षाबंधन वह पवित्र त्यौहार है जिस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की दुआ करती हैं, मगर ऐसे पवित्र त्यौहार पर जब किसी बहन की अस्मत को लूटकर कोई दरिंदा तार—तार कर दे तो निसंदेह वह किसी राक्षस से काम नहीं होगा। अभी देश में कोलकाता में डॉक्टर के साथ हुई दुष्कर्म की घटना से लगी आग शांत भी नहीं हुई थी कि सलूंबर जिले में रक्षाबंधन के दिन एक नाबालिग से दुष्कर्म की एक और घटना हो गई। सलूंबर जिले के गींगला थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार रक्षाबंधन के दिन घर का सामान लेने गई नाबालिग को अगवा कर आरोपियों ने सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। परिजनों ने लड़की को बेहोशी की हालत निकट के ही किसी झोलाछाप डॉक्टर को दिखाया। लेकिन स्थिति बिगड़ने पर तुरंत उसे गींगला स्थित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने बाजार बंद करवा दिया और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। किसी भी तरह अप्रिय घटना से बचने के लिए सलूंबर एसपी अरशद अली के निर्देश पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अगवाकर नाबालिग से किया सामूहिक दुष्कर्म, मामला दर्ज
