गुलाब बाग से चंदन के पेड़ चोरी, मामला दर्ज

—गार्ड को बंधक ​बना कर दिया घटना को अंजाम
उदयपुर, 17 जुलाई (ब्यूरो): शहर के बीचोंबीच स्थित आक्सीजन खजाने यानि गुलाब बाग से चोरों ने चंदन के पेड़ चुरा लिए। सूरजपोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटी इस घटना में बदमाशों ने गार्ड को तलवार की नोक पर बंधक बना कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार अज्ञात बदमाश मंगलवार सुबह लगभग तीन बजे के आसपास खांजीपीर की तरफ से आने वाले कच्चे रास्ते से गुलाब बाग में घुसे। आधा दर्जन से अधिक तादात में बाग में घुसे बदमाशों ने चेहरे को ढक रखा था। घटना वाले स्थान पर जब वहां तैनात दोनों गार्डों को हलचल महूसस हुई तो वे तुरंत वहां पहुंचे। बदमाशों ने दोनों को तलवार और कुल्हाड़ी दिखाकर डराते हुए बंधक बना लिया और पेड़ों की कटाई करते रहे। करीब दो भरे—पूरे पेड़ों को निस्तोनाबूत करने के बाद बदमाश उन्हें लेकर फरार हो गए। गार्ड ने बताया कि बदमाशों ने पेड़ काटे, उनके टुकड़े किए और इमलीवाले बाबा के पास से रोशनलाल स्कूल की तरफ जाने वाले नाले के जरिए वे सारा माल बाहर लेकर गए। सुबह होते ही मौके पर तैनात गार्ड ने सूरजपोल थाने पहुंच कर पुलिस को वारदात की सूचना दी। फिलहाल पुलिस गुलाबबाग में लगे सीसीटीवी फुटेज चैक कर बदमाशों तक पहुंचने की ​कोशिश में है। खबर लिखे जाने तक बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।

चोरी के बाद रोकी हेराफेरी
इसी दौरान कटे हुए पेड़ों के बचे हुए हिस्सों को गुलाब बाग में साफ—सफाई करने वाली एक निजी कंपनी के लोग सफाई के नाम पर ट्रैक्टर में डाल कर ले जा रहे थे। जिसे रुकवाया गया। गौरतलब है कि चंदन के पेड़ के बचे हुए जिस हिस्से को ट्रैक्टर में भरकर ले जाया जा रहा था, उसकी कीमत भी चार—पांच लाख रुपय से अधिक बताई जा रही है।

पेड़ों की कीमत लाखों में
आपको बता दें कि चंदन का एक पेड़ 14 से 15 साल में तैयार होता है। जिसे देखभाल कर बड़ा करने में काफी खर्चा होता है। चंदन की लकड़ी का भाव देश में 8 से 10 हजार रुपए प्रति किलो और विदेश में 20 से 25 हजार रुपए किलो तक है। ऐसे में आरोपियों द्वारा चुराए गए पेड़ों की कीमत लाखों में है। मामले में अनुसंधान जारी है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!