शहर के सौंदर्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का रखें ध्यान, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें-कलक्टर

जिला पर्यावरण समिति की बैठक
उदयपुर, 19 जून। जिला पर्यावरण समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। कलक्टर ने शहर के सौंदर्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने पर जोर दिया।
कलक्टर ने प्रदूषण को फैलने से रोकने वाली गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए बाघदड़ा नेचर पार्क को प्रदूषण मुक्त रखने एवं वहां पर्यटन विकास की दृष्टि से नवाचार करने पर जोर दिया। बैठक में उदयपुर जिले के लिए जारी वेटलैंड नोटिफिकेशन पर चर्चा करते हुए कलक्टर ने मेनार तालाब पर करवाए जा रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली और इसके साथ ही मेनार एवं विभिन्न साइट्स पर निर्धारित प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में कलक्टर ने पॉलिथीन के उपयोग पर प्रतिबंध के बारे में चर्चा के दौरान संबंधित विभागों को समय समय पर निरीक्षण करने, बाहर से आने वाले पॉलिथीन उत्पादों की जांच करने और नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर डिस्पोजेबल कप-प्लेट एवं अन्य कचरे के निस्तारण के लिए प्रभावी कार्यवाही करने को कहा।
कलक्टर ने कहा कि पर्यटकों से जुड़े स्थलों और शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर स्वच्छता जागरूकता संदेश अंकित हो ताकि यहां आने वाले पर्यटक स्वच्छता के प्रति जागरूक होकर सहयोग करें। कलक्टर ने डंपिंग यार्ड वाले एरिया में अधिक से अधिक वृक्षारोपण के निर्देश दिए। मार्बल स्लरी निस्तारण के लिए रीको एवं प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के अधिकारियों से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलक्टर ने एनजीटी, एनसीएपी, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मण्डल आदि के प्रावधानों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यावरण व पौधारोपण संरक्षण के बारे में जनजागृति, उद्योग इकाई द्वारा प्रदूषण फैलाने की रोकथाम, पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध, जिले के बड़े चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था व बायो मेडिकल वेस्ट निस्तारण, पहाड़ियों की खुदाई व कटान, अवैध बजरी खनन व जल प्रदूषण रोकने संबंधी, ईको टूरिज्म पॉलिसी आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, जिला परिषद की सीईओ श्रीमती कीर्ति राठौड़, डीएफओ मुकेश सैनी, अजय चित्तौड़ा, डी.के.तिवारी सहित वन, नगर निगम, चिकित्सा, कृषि, परिवहन, रीको सहित अन्य विभागों के अधिकारी-प्रतिनिधि मौजूद रहे। समिति के सदस्य सचिव एवं उप वन संरक्षक अजय चित्तौड़ा ने विभिन्न बिन्दुओं पर प्रकाश डाला और सभी का आभार जताया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!