उदयपुर, 15 सितंबर। उदयपुर जिले के सेमारी व नयागांव ब्लॉक में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का ब्लॉक स्तरीय समापन गुरुवार को विधायक डॉ. दयाराम परमार के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
उन्होंने इस बेहतर आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का आभार जताया और कहा कि ऐसे आयोजन से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और खेलों के क्षेत्र में राजस्थान के साथ उदयपुर को विशिष्ट पहचान मिलेगी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी खिलाडियों को बधाई दी और खेल भावना से खेलते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सेमारी में समापन समारोह की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य विजयराम कलासुआ, विशिष्ट अतिथि विकास अधिकारी सेमारी भंवरसिंह चारण, तहसीलदार वीरुमल जिंगर, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सिद्धार्थ जैन, वासुदेव परमार थे। इससे पूर्व प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार चोबीसा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला ।
नयागांव में समारोह की अध्यक्षता पंचायत समिति नयागांव की प्रधान कमला देवी परमार, विशिष्ट अतिथि उपखण्ड अधिकारी पूजा मीणा, पंचायत समिति खेरवाड़ा की प्रधान पुष्पा मीणा, उपप्रधान लवकुश सालवी, पंचायत समिति सदस्य पन्नालाल परमार, समाजसेवी गणेश मीणा, खेरवाड़ा तहसीलदार लालूराम मीणा, विकास अधिकारी शंकरलाल मेघवाल थे।
सेमारी व नयागांव में विधायक परमार ने खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत
