वोट की ताकत से जवाब देगा आदिवासी समाज – रावत 

-‘राम-राम’ की गूंज के साथ उदयपुर में भाजपा प्रत्याशी रावत ने भरा नामांकन
-नामांकन से पहले सभा में गूंजा, अबकी बार 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार
-प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी बोले, हर दरवाजे पर पहुंचाएं मोदी का राम-राम 

उदयपुर, 28 मार्च। उदयपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मन्नालाल रावत ने कहा कि आदिवासी समाज को बरगलाने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट होना होगा। यह ताकतें आदिवासी समाज में फूट डालकर अपनी रोटियां सेकना चाहती हैं। कभी आरक्षण बंद होने का शगूफा छोड़कर बरगलाती हैं तो कभी आदिवासी को हिन्दू नहीं बताकर बरगलाती हैं। रावत ने कहा कि आदिवासी समाज हिन्दू सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है और समाज को विखण्डित करने वाली ताकतों को आदिवासी समाज को पुरजोर तरीके से वोट की ताकत से जवाब देना होगा।
वे गुरुवार को उदयपुर शहर के टाउन हॉल में अपने नामांकन के दौरान आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भगवानी श्रीराम का जयकारा लगवाते हुए ‘राम-राम’ के जाप का लयबद्ध गीत खुद गाते हुए सभी से गवाया भी। उन्होंने कहा कि राम हमारे प्राणों में बसे हैं। राम हमारी संस्कृति का आधार हैं। आदिवासी समाज भी भगवान श्रीराम की आराधना सदियों से करता आया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को एकजुट होकर समाज में विद्वेष फैलाने वाली ताकतों का वोट की ताकत से जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने युवा, किसान, महिला और गरीब के लिए जो काम किया है, वह उनसे पहले किसी ने नहीं किया।
सभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी पहुंचे। उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस पर हर घर पर भाजपा का झण्डा और हर दरवाजे पर पीएम मोदी का स्टीकर लगाया जाए। उन्होंने 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती भी वृहद रूप से मनाए जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. अम्बेडकर को दो बार लोकसभा में नहीं पहुंचने दिया, वे राज्यसभा में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सहयोग से पहुंचे। डॉ. अम्बेडकर से जुड़े पांच स्थानों को पंचतीर्थ की तरह मोदी सरकार ने विकसित किया। मोदी सरकार ने जनजाति मातृशक्ति को राष्ट्रपति पद पर सुशोभित कर आदिवासी समाज का मान बढ़ाया। जोशी ने कहा कि मानगढ़ धाम में आजादी के बाद पहली बार कोई प्रधानमंत्री आए तो वे पीएम मोदी थे। उन्होंने हर घर पर पीएम मोदी का राम-राम पहुंचाने का आह्वान किया।
अबकी बार-400 पार के गूंजे नारे  : -सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और रावत के समर्थकों ने भारत माता की जय, जय श्रीराम, वंदे मातरम के जयकारों सहित अबकी बार-400 पार, फिर एक बार-मोदी सरकार के नारों से पाण्डाल को गुंजा दिया। महिला कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में सभा में उपस्थित थीं।
गेर-गवरी नृत्य करते रहे युवा आदिवासी : -ग्रामीण क्षेत्रों से पारम्परिक परिधानों में सज-धज कर आए आदिवासी समाज के युवक-युवतियों ने पारम्परिक ढोल-मांदल बजाते हुए गेर और गवरी नृत्य किया। यह नृत्य सभी के आकर्षण का केन्द्र बने रहे। कुछ देर के लिए प्रत्याशी रावत भी उनके साथ नाचे।
राम-राम के गीत पर मिलाई ताल  : -प्रत्याशी मन्नालाल रावत ने भगवान श्रीराम को संस्कृति का आधार बताते हुए ‘राम-राम’ गीत सुनाया। उन्होंने ‘आवे जणने राम-राम, जावे जणने राम-राम, गेला में मिलजो राम-राम, फेर मिलांगा राम-राम..’ को सुर दिया तो पाण्डाल में उपस्थित जनमैदिनी ने भी उनके साथ सुर मिलाया।
मंत्रोच्चार के साथ भरा नामांकन  : -भाजपा प्रत्याशी मन्नालाल रावत ने मंत्रोच्चार के साथ अपना नामांकन जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल के समक्ष प्रस्तुत किया। मंत्रोच्चार भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली ने किया और रावत ने दोहराया। नामांकन के दौरान जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, देहात जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, विधायक अमृत लाल मीणा, फूल सिंह मीणा, एएजी प्रवीण खण्डेलवाल आदि मौजूद थे।
By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!