1 अप्रैल को नहीं दाखिल हो सकेंगे नामांकन

लोकसभा आम चुनाव- 2024
– वार्षिक बैंक खाता बंदी होने से रहेगा अवकाश
– गुड फ्राइडे और रविवारीय अवकाश पर भी नहीं होगी नामांकन प्रक्रिया

उदयपुर, 28 मार्च। लोकसभा आम चुनाव की नामांकन प्रक्रिया गुरूवार से प्रारंभ हुई। नामांकन 4 अप्रैल तक दाखिल किए जा सकेंगे, लेकिन इस दरम्यान राजकीय अवकाश तथा 1 अप्रैल को वार्षिक बैंक खाता बंदी होने से अवकाश रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल ने बताया कि नामांकन दिवस को लेकर निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके तहत 29 मार्च को गुड फ्राइडे पर्व को लेकर सार्वजनिक अवकाश होने से नामांकन दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। 30 मार्च शनिवार को नामांकन प्रक्रिया यथावत रहेगी। 31 मार्च को रविवारिय अवकाश होने तथा 1 अप्रैल को वार्षिक बैंक खाता बंदी होने से नामांकन प्रक्रिया स्थगित रहेगी। इसके पश्चात 2 से 4 अप्रैल तक सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए जाएंगे।

मतदाता रक्तदान मेगा शिविर 31 को
शहर में तीन स्थानों पर होंगे शिविर

उदयपुर, 28 मार्च। लोकसभा आम चुनाव-2024 को लेकर चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 31 मार्च को मतदाता रक्तदान मेगा शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वीप प्रभारी व सीईओ जिला परिषद कीर्ति राठौड़ ने बताया कि 31 मार्च को महाराणा भूपाल अस्पताल, बीएन कॉलेज परिसर तथा पाईन वर्ल्ड स्कूल सेक्टर 3 में सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। इसमें विभिन्न संस्था-संगठनों के सदस्य, विभागीय अधिकारी-कर्मचारीगण, आम मतदाता भाग लेकर रक्तदान कर मतदान का संकल्प लेंगे। स्वीप सह प्रभारी पुनीत शर्मा ने बताया कि रक्तदान शिविरों को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। महाराणा भूपाल अस्पताल में प्रस्तावित शिविर में डॉ संजय प्रकाश को नोडल अधिकारी व स्वीप समन्वयक नरेश कुमार सुहालका, देवीलाल गर्ग व दिग्विजयसिंह शक्तावत, बीएन परिसर शिविर के लिए नोडल अधिकारी महेंद्र श्रीमाली व स्वीप समन्वयक पुष्पेंद्रसिंह राठौड़ व जजपालसिंह तथा पाईन वर्ल्ड स्कूल शिविर के लिए नोडल अधिकारी मुकेश शर्मा व मुकेश जन्वा तथा स्वीप समन्वयक हितेंद्र सोनी व मनीष जोशी को दायित्व सौंपा है।

लोकसभा आम चुनाव- 2024
कम मतदान वाले बूथों पर फोकस, सप्तरंगी सप्ताह की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए निर्देश

उदयपुर, 28 मार्च। लोकसभा आम चुनाव- 2024 में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए मिशन- 75 के लक्ष्य को प्राप्त करने मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने गुरूवार को वीडियो कांफ्रेन्स के माध्यम से बैठक लेकर स्वीप गतिविधियों को तेज करते हुए प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  गुप्ता ने विधानसभा वार पिछले चुनावों के कम मतदान वाले बूथों को चिन्हित कर बूथवार कार्ययोजना बनाकर मतदान प्रतिशत को 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य दिया। इसमें 21 कन्वर्जेन्स विभागों की सहभागिता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक बूथ के मुख्य द्वार पर चुनाव संबंधी दिनांक एवं समय को बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करने तथा मतदाताओं को प्रशिक्षित करने, दिव्यांग मतदाताओं के लिए उचित व्यवस्थाएं करने, गर्मी के मौसम के देखते हुए केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, पानी की व्यवस्था करने, मतदान दिवस के लिए हेला टोली गठित कर उसे सक्रिय करने सतरंगी सप्ताह आयोजन की योजना बनाने, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट के वॉलिंटियर्स तैयार करने के निर्देश दिए। वीसी में स्वीप प्रभारी व सीईओ जिला परिषद कीर्ति राठौड़, सह प्रभारी व मुख्य आयोजना अधिकारी पुनीत शर्मा, जिला समन्वयक डॉ देवीलाल गर्ग सहित सभी समन्वयक शामिल हुए।

एवीवीएनएल की वृत स्तरीय समझौता समिति की बैठक सम्पन्न
उदयपुर, 28 मार्च। अजमेर विद्युत वितरण निगम उदयपुर के वृत कार्यालय में अधीक्षण अभियंता बी.एस.शर्मा की अध्यक्षता में वृत स्तरीय समझौता समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में 46.43 लाख रुपये के कुल 53 प्रकरणों पर चर्चा हुई जिसमें 28.57 लाख की राहत प्रदान की गई एवं 17.86 लाख रुपये वसूली योग्य पाये गए। बैठक में अधिशासी अभियंता श्रीमती वृन्दा द्विवेदी, आई.एम. मंसूरी, राकेश करण, एल.एल.मेघवाल, एन.एल.रंगवाला, पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र कुमार, प्रावैधिकी सहायक श्रीमती अर्चना जैन, लेखाधिकारी डी.एस.राठौड़, सहायक लेखाधिकारी सुमित यादव, एवं कनिष्ठ लेखाकार श्रीमती मेघा आदि उपस्थित रहे।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!