पूर्व विधायक भींडर ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र
उदयपुर। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के करीब 182 गांवों की पेयजल समस्या का समाधान कसौटिया बांध बन सकता है। इसकी जरूरत को लेकर पूर्व विधायक रणधीर सिंह भींडर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल को पत्र लिखा है।
पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेवाड़ संभाग के काफी जिले पेयजल की उपलब्धता के हिसाब से डार्क जोन में चले गये हैं। उदयपुर जिले की वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र की भी सबसे बड़ी समस्या पेयजल ही रही है। वॉटर लेवल काफी नीचे चले जाने से गर्मियों में हैण्डपम्प व ट्यूबवेल लगभग नाकारा हो जाते हैं। हर वर्ष करोड़ों रुपये जल परिवहन पर खर्च होने के बाद भी क्षेत्र के लोगों को भरपूर सप्लाई नहीं मिल पाती। उन्होंने बताया कि उदयपुर संभाग में सबसे ज्यादा पशुधन विधानसभा विधानसभा क्षेत्र में है। जिनके लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के बनाए झडु बांध से भीण्डर पालिका क्षेत्र में पेयजल सप्लाई होता आ रहा है, जो अब सूखने के कगार पर है। इसी तरह कानोड़ पालिका क्षेत्र के लिए पीपलवास एनीकट में भी पर्याप्त पानी नहीं है।
गत भाजपा सरकार ने रखा था कसौटिया बांध निर्माण का प्रस्ताव
गत भाजपा सरकार ने कसौटिया गांव के पास कसौटिया बांध निर्माण का प्रस्ताव रखा था। इसके लिए ऐसी जगह का चयन किया गया, जहां 100 से 120 एमसीएफटी पानी को रोका जा सकता था, वहीं उससे लगभग 182 गांवों में पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता था। तत्कालीन वसुंधरा सरकार ने इस बांध की डीपीआर तैयार करा ली थी लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में सरकार बदलने के बाद यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई। अब राज्य में फिर से भाजपा सरकार आने से क्षेत्र के लोगों को फिर से इस बांध के निर्माण की उम्मीद जागी है।
वल्लभनगर क्षेत्र के 182 गांवों के लोगों की पेयजल आपूर्ति कर सकता है कसौटिया बांध
