पीड़ित एवं उनके आश्रितों को 21 लाख 50 हजार रुपए के अंतरिम पीड़ित प्रतिकर के अवार्ड पारित
उदयपुर, 21 मार्च। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के माननीय सदस्य सचिव के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष व जिला एवं सेशन न्यायाधीश के अध्यक्ष चंचल मिश्रा उदयपुर की अध्यक्षता में पीड़ित प्रतिकर स्कीम की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 54 प्रकरण निस्तारित करते हुए पीडित एवं उनके आश्रितों को 21 लाख 50 हजार रुपए के अंतरिम पीड़ित प्रतिकर के अवार्ड पारित किये गये।
बैठक में न्यायाधीश गोपाल बिजोरिवाल, महेन्द्र कुमार दवे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुरेन्द्र चौधरी, एडीएम सिटी राजीव द्विवेदी, पुलिस प्रतिनिधि डोटाराम उपस्थित रहे। प्राधिकरण सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों व आश्रितों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिये पृथक-पृथक राशि स्वीकृत की गई, जो उनके बचत खातों में जमा कराने तथा एफडीआर करवाने हेतु निर्देशित किया गया।
उल्लेखनीय है कि बलात्संग, हत्या, एसिड अटैक एवं पोक्सो के प्रकरणों में पीड़ित प्रतिकर के तहत मुआवजा राशि पीड़ित एवं पीड़ित पक्षकार के आश्रितों को दी जाती है।
बूथ लेवल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
उदयपुर, 21 मार्च। उदयपुर जिले के मावली निर्वाचन क्षेत्र में अब तक चार्ज नहीं प्राप्त करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी मनसुख राम डामोर ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी हेमसिंह गुर्जर, किशनलाल मेघवाल व ललित दर्जी को बूथ लेवल अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया लेकिन आज दिनांक तक इन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों ने चार्ज नहीं लिया है। इस संबंध में स्थानीय कार्यालय के चुनाव कंट्रोल रूम से दूरभाष द्वारा सूचित करने, आदेश की प्रति भी संबंधित सुपरवाइजर ग्रुप में शेयर करने, कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं संबंधित सुपरवाइजर द्वारा आदेश की प्रति भी तामील करने के बावजूद बीएलओ चार्ज हस्तांतरण नहीं किया। डामोर ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 को मद्देनजर बीएलओ द्वारा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य को गंभीरता से नहीं लेकर राजकीय आदेश का उल्लंघन तथा राजकार्य के प्रति घोर लापरवाही एवं उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने अंतिम चेतावनी दी है कि कार्मिकों द्वारा यदि बूथ लेवल अधिकारी का चार्ज नहीं लिया गया तो निलंबन की कार्रवाई की जावेगी।
