मतदान दल अपने दायित्वों का करें जिम्मेदारी से निर्वहन

लोकसभा आम चुनाव-2024
मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण शुरू

उदयपुर, 20 मार्च। लोकसभा आम चुनाव 2024 को लेकर गठित मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द पोसवाल के निर्देशन में बुधवार से शुरू हुआ। इसमें पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय को प्रशिक्षण दिया गया।
पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारी प्रथम का प्रशिक्षण माणिक्यलाल वर्मा श्रमजीवी महाविद्यालय परिसर में हुआ। वहीं मतदान अधिकारी द्वितीय का सुखाड़िया रंगमंच तथा तृतीय का प्रशिक्षण न्यू आरएनटी ऑडिटोरियम में हुआ। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं यूडीए ओएसडी जितेंद्र ओझा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीठासीन अधिकारी बिना किसी दबाव या भेदभाव के कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें। ऐसी किसी भी गतिविधि में भागीदारी नहीं निभाएं, जो निर्वाचन प्रक्रिया को दूषित करे। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से निर्वाचन से जुड़ी हर प्रक्रिया और प्रपत्र के बारे में गंभीरता से समझकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय मास्टरट्रेनर एवं प्रकोष्ठ सह प्रभारी डॉ महामाया प्रसाद चौबीसा ने बताया कि मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम सिलिंग, मॉक पोल, विभिन्न सूचना प्रपत्र आदि की जानकारी दी गई। ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अंतिम सत्र में गुगल लिंक के माध्यम से सभी प्रशिक्षणार्थियों का ऑनलाइन टेस्ट भी लिया गया। इस दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ प्रणय जोशी सहित अन्य उपस्थित रहे। प्रशिक्षण 22 मार्च तक चलेगा। इसमें निर्धारित मतदान दल संख्या में शामिल कार्मिक भाग लेंगे।

लोकसभा आम चुनाव- 2024
पीबी व अनिवार्य सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की सूचना समय पर उपलब्ध कराएं
– पोस्टल बैलेट व अनिवार्य सेवाओं से जुड़े वोटर्स को लेकर बैठक

उदयपुर, 20 मार्च। लोकसभा आम चुनाव- 2024 के तहत शांतिपूर्ण एवं सुचारू मतदान प्रक्रिया के लिए सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए जाने वाले सुरक्षा कार्मिकों के पोस्टल बैलेट तथा अनिवार्य सेवाओं से जुड़े कार्मिकों के मतदान को लेकर गठित पोस्टल बैलेट प्रकोष्ठ की बैठक प्रकोष्ठ प्रभारी व नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश की अध्यक्षता में हुई। इसमें सभी संबंधित नोडल विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में आयुक्त ने पोस्टल बैलेट को लेकर निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। साथ ही पुलिसकर्मियों, होमगार्ड तथा एमबीसी जवानों के मतदान के लिए पोस्टल बैलेट जारी कराने संबंधी सूचना निर्धारित प्रपत्र में भिजवाने को कहा। साथ ही उन्होंने अनिवार्य सेवाओं यथा चिकित्सा, पीएचईडी व जल संसाधन के फील्ड स्टाफ, निर्वाचन विभाग की ओर से अधिसूचित पत्रकार, अग्निशमन सेवा आदि के ऐसे कार्मिक जिनकी मतदान दिवस पर ड्यूटी लगाई जानी है तथा उनके मतदान से वंचित रहने की संभावना हो उनकी सूची भी निर्धारित प्रपत्र में अपेक्षित सूचनाओं के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित कार्मिकों के प्रपत्र 12 एवं प्रपत्र 12 डी भी भर कर भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना प्राप्त होने पर संबंधित कार्मिकों के पोस्टल बैलेट जारी कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षाकर्मियों के मतदान के लिए रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में निर्धारित दिवस पर फैसिलिटी सेंटर स्थापित किया जाएगा। वहीं अनिवार्य सेवाओं के कार्मिकों के पोस्टल बैलेट जारी किए जाएंगे तथा उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित तिथि पर स्थापित होने वाले फैसिलिटी सेंटर पर पहुंच कर मतदान करना होगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

लोकसभा चुनाव 2024
मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ के कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
उदयपुर, 20 मार्च। लोकसभा आम चुनाव 2024 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अरविंद पोसवाल के निर्देशन में सूचना केन्द्र में मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ का गठन किया है। बुधवार को प्रकोष्ठ के प्रभारी व सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. कमलेश शर्मा ने प्रकोष्ठ में अधिग्रहित किये गये कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। डॉ. शर्मा ने मीडिया एवं एमसीएमसी प्रकोष्ठ की गतिविधियों व कार्यकलापों की विस्तार से जानकारी दी और निर्वाचन विभाग के दिशा-निर्देशानुसार प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ हर गतिविधि पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रिन्ट मीडिया के साथ विभिन्न टीवी चैनल्स, एफएम चैनल्स पर होने वाले प्रचार-प्रसार पर विशेष नजर रखने, प्रिन्ट समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक चैनल्स में निर्वाचन से जुड़ी हर गतिविधि, विज्ञापन एवं समाचार के संबंध में सूचनाओं का संधारण करने एवं जिला निर्वाचन कार्यालय को समय समय पर निर्धारित प्रपत्र में सूचनाएं प्रेषित करने के निर्देश दिए। प्रभारी शर्मा ने यह भी बताया कि प्रत्याशियों द्वारा निर्धारित अवधि में प्रकाशित व प्रसारित करवाए जाने वाले विज्ञापनों का अधिप्रमाणन भी इस प्रकोष्ठ द्वारा ही किया जाएगा, इसके लिए उन्होंने निर्धारित प्रावधानों का ध्यान रखने एवं सुचारू रूप से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यालय के सहायक लेखाधिकारी द्वितीय जसवंत सिंह भाटी ने पेड न्यूज एवं विज्ञापनों के व्यय संधारण के बारे में बताया। विशेषज्ञ चेतन औदिच्य ने पेड न्यूज के प्रावधानों के बारे में अवगत कराया। हेमंत जोशी ने प्रकोष्ठ द्वारा किये जाने वाले कार्यों और विनय दवे ने निर्धारित प्रपत्रों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के विभिन्न कार्मिकों ने अपने सुझाव दिए।

व्यय संबंधी गतिविधियों का मॉनिटरिंग के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित
उदयपुर, 20 मार्च। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव 2024 के व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ के संबंध मे जिला निर्वाचन विभाग द्वारा दिये गये निर्देशों की पालना मे उपायुक्त (प्रशासन) वाणिज्यिक कर विभाग में कमरा नंबर 102 मे कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसके दूरभाष नम्बर 0294-2583004 है। कंट्रोल रूम की निगरानी हेतु के लिए वाणिज्यिक कर अधिकारी आजाद दैथा को प्रभारी व सहायक वाणिज्यिक कर अधिकारी हर्षवर्धन सिंह देवल को सहप्रभारी लगाया है। जिला स्तर पर निर्मित मोबाइल दलों की सूचना, अवैध रूप से बंटने वाली सामग्री जैसे धोती, कुर्ता, साड़ियां, टी-शर्ट इत्यादि की सूचना, प्राप्त होते ही तुरन्त कार्यवाही करने हेतु,-फ्री-बीस के भण्डारण व वितरण की लगातार मॉनिटरिंग करने, एसएसटी-एफएसटी के अधिकारियों के समन्वय व्यय से निर्वाचन व्यय संवेदनशील क्षेत्रो पर निगरानी सुनिश्चित करने, देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों से फ्री वितरण पर निगरानी रखने, वेट के तहत रीटेल आउटलेट पेट्रोल पंप पर फ्री डीजल वितरण पर निगरानी रखने संबंधी सूचना दी जा सकती है।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!