जनसुनवाई कर लंबित परिवादों की समीक्षा की
संवेदनशीलता के साथ करें जनसमस्याओं का निस्तारण-कलक्टर पोसवाल
उदयपुर, 14 मार्च। जिला कलक्टर अरविंद पोसवाल गुरुवार को जिले के झाड़ोल उपखंड क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में भाग लिया वहीं सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
आज सुबह झाड़ोल पहुंचे कलक्टर पोसवाल ने पंचायत समिति के वीसी कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में पहुंच कर प्राप्त परिवादों और इसके निस्तारण के लिए की जा रही कार्यवाही की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने उपखंड स्तरीय विभागीय अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों के पूरी संवेदनशीलता से निस्तारण के निर्देश दिए और प्राप्त परिवादों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। कलक्टर पोसवाल ने इस दौरान राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण करने के निर्देश प्रदान किए। गुरुवार को यहां हुई जनसुनवाई में 24 परिवाद प्रस्तुत हुए जिसमें से 19 परिवादों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।
बेड़नपाड़ा की बदी के घर आ रहे थे बिजली के दो बिल, कलक्टर ने हाथों-हाथ दिलाई राहत :
जनसुनवाई में परिवादी बदी बाई पत्नी रामा निवासी बेडनपाड़ा ने विद्युत विभाग से संबंधित परिवाद प्रस्तुत कर अवगत कराया कि बिजली विभाग द्वारा उनके घर के मीटर के दो बिल जारी किए जा रहे है, परिवादी द्वारा कई बार विद्युत विभाग में जाकर शिकायत दर्ज कराई परंतु समाधान नहीं हुआ। कलक्टर ने इस समस्या का हाथों-हाथ समाधान कराते हुए प्रार्थी को मौके पर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। कलक्टर के निर्देशों पर उपखंड अधिकारी मणिलाल तीरगर भी एक्टिव हुए और उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए बदी की समस्या का हाथों-हाथ निदान कर परिवादी को राहत दिलाई।
एक अन्य प्रकरण में अंगुलियों का इंप्रेशन नहीं आने से एक व्यक्ति को सामाजिक पेंशन नहीं मिल पा रही थी। इस पर जिला कलक्टर के निर्देशानुसार प्रार्थी की 7 माह पुरानी समस्या का हाथोंहाथ समाधान करते हुए पेंशन बहाल कर राहत प्रदान की।
पंचायत समिति का किया निरीक्षण :
जनसुनवाई के पश्चात कलक्टर पोसवाल ने पंचायत समिति कार्यालय का निरीक्षण किया गया। कलक्टर ने विभिन्न प्रभागों का निरीक्षण किया और प्रभागाधिकारियों से लंबित प्रकरणों के बारे में जानकारी ली। कलक्टर ने मौजूद समस्त कार्मिकों को कार्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित होने व राजकीय कार्य प्राथमिकता एवं पूर्ण ईमानदारी से करने की हिदायत दी। पंचायत शाखा में निरीक्षण के दौरान वनाधिकार पत्रवालियों का अवलोकन किया एवं जारी सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वनाधिकार के लंबित और निस्तारित प्रकरणों पर जानकारी ली। इस दौरान कलक्टर ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी मणिलाल तीरगर, विकास अधिकारी मुकेश कुमार परमार, अतिरिक्त विकास अधिकारी भगवान लाल कुम्हार भी मौजूद रहे।
झाड़ोल की उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचे कलक्टर पोसवाल
