राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पुरातन और परिवर्तन का अद्भुत संगम’ विषय पर प्रसार वार्त्ता आयोजित

उदयपुर। राजस्थान महिला टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज सभागार में ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पुरातन और परिवर्तन का अद्भुत संगम’ विषय पर प्रसार वार्त्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश सोडाणी थे।
संस्था अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह शक्तावत एवं संस्था मंत्री नितिन हिंगड़ ने उपरणा ओढ़ाकर प्रो. सोडाणी का स्वागत किया गया। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. प्रभा वाजपेयी ने स्वागत उद्बोधन दिया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 पुरातन और परिवर्तन का अद्भुत संगम’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रो. कैलाश सोडाणी ने बताया कि नई शिक्षा नीति में शिक्षा के माध्यम के रूप में मातृभाषा के उपयोग की सिफारिश एक क्रांतिकारी कदम है। मातृभाषा के महत्व पर बल देते हुए आपने बताया कि विश्व की सभी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की प्रगति का आधार मातृभाषा रही है। यह नितांत आवश्यक है कि सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में पाठ्यपुस्तकों का प्रकाशन एवं विविध शैक्षिक सॉफ्टवेयर तैयार करने चाहिए। नई शिक्षा नीति में भारतीय संस्कृति एवं दर्शन के महत्त्व को समझते हुए निरन्तर शोध की आवश्यकता बताई गई है।
नई शिक्षा नीति में वैश्विक स्तर के विश्वविद्यालयों की स्थापना, ऑनलाइन शिक्षा को प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक तकनीकी फोरम, कॉलेजों को स्वायत्तशासी बनाना, उच्च शिक्षा आयोग की स्थापना आदि क्रांतिकारी निर्णयों से आने वाले समय में भारत शिक्षा जगत में नई ऊँचाईयों को प्राप्त करेगा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंकुर कपूर तुली द्वारा किया गया और डॉ. चारू सनाढ्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

By Udaipurviews

Related Posts

error: Content is protected !!